महंगाई और आतंकवाद सबसे बड़े मुद्दे : आडवाणी
दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन करते हुए आडवाणी ने विधायकों से कहा कि वे आत्मविश्वासी तो बनें मगर अहंकारी नहीं। उन्हें आत्मविश्वास और अहंकार के बीच की रेखा को पहचानना होगा तथा अपने संपर्क में आने वाले हर व्यक्ति के सामने विनम्रता से पेश आना होगा।
आडवाणी भाजपा को अन्य सभी राजनीतिक दलों से अलग मानते हैं, क्योंकि भाजपा का राजनीति शास्त्र राष्ट्रवाद के ऊपर आधारित है। भाजपा सिर्फ राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक आंदोलन है। आडवाणी ने कहा कि आज देश में आतंकवाद और महंगाई सबसे बड़े मुद्दे हैं।
उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस और संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की सरकार से मुक्ति चाहती है। ऐसी स्थिति में भाजपा के जन प्रतिनिधियों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। इसलिए लोगों में यह विश्वास जगाना होगा कि संप्रग सरकार का विकल्प राजग ही हो सकता है।
दो दिन तक चले इस प्रशिक्षण शिविर के समापन मौके पर राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल, उपाध्यक्ष विक्रम वर्मा, सचिव प्रभात झा, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, प्रदेशाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर सहित कई नेता मौजूद थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications