सिंगूर में टाटा परियोजना स्थल पर नया कारखाना चाहती है कांग्रेस
कोलकाता, 11 जनवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रविवार को पश्चिम बंगाल के सिंगूर में टाटा की निरस्त हो चुकी कार फैक्ट्री के सामने चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी इस स्थल पर नया कारखाना लगाने की मांग कर रहे थे।
हुगली जिले के खासरभेरी इलाके के निकट आयोजित चक्काजाम दो घंटे से अधिक समय तक जारी रहा। चक्काजाम के कारण दुर्गापुर एक्सप्रेसवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
चक्काजाम का नेतृत्व कर रहे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अब्दुल मन्नान ने कहा, "सिंगूर में टाटा कार फैक्ट्री की जगह पर हम नया कारखाना चाहते हैं। हमें इससे कुछ भी लेना-देना नहीं कि इस जगह पर टाटा की ओर से कोई कारखाना लगाया जाता है या कोई अन्य कंपनी यहां आती है। लेकिन अधिग्रहित की गई जमीन पर कोई न कोई कारखाना हर हाल में लगाया जाना चाहिए।"
मन्नान ने कहा कि जिन किसानों ने टाटा कारखाने के लिए सरकार को अपनी जमीनें दी थी, उनके लिए यहां हर हाल में कुछ औद्योगिक इकाइयां आनी चाहिए। यदि ऐसा नहीं हो पाता है तो सरकार को उन किसानों की जमीनें वापस कर देनी चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications