सबूतों पर पाक को अभी देना है जवाब : प्रणब (लीड-1)
कोलकाता से करीब 220 किलोमीटर उत्तर में स्थित लालगोला में एक रैली के बाद विदेश मंत्री प्रणब मुखर्जी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "शनिवार तक हमें पाकिस्तान से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया हासिल नहीं हुई थी। इस मामले में हमने पाकिस्तान को सभी दस्तावेज पहले ही सौंप दिए हैं।"
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने अगर रविवार को कुछ भेजा है तो उस बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
विदेश सचिव शिवशंकर मेनन ने पांच जनवरी को मुंबई हमलों से संबंधित 52 पृष्ठों के दस्तावेज को नई दिल्ली स्थित पाक उच्चायुक्त शाहिद मलिक को सौंप दिया था।
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने शुक्रवार को कहा था कि भारत ने 52 पृष्ठों का सबूत सेंट्रल इंटेलीजेंस एजेंसी (सीआईए) को सौंपा था और आईएसआई ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया दे दी है, जिसे भारत के पास पहुंचाया जा चुका है।
मुखर्जी ने कहा कि भारत ने इन सबूतों को विभिन्न देशों को भेजा था। उन्होंने कहा कि सभी देश मुंबई में हुए हमलों के बाद भारत द्वारा उठाए गए कदमों की सराहना कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि हमले की साजिश पाकिस्तान में रची गई थी और ऐसे में पड़ोसी देश को इस हमले में शामिल तत्वों की जांच सक्रियता से करनी पड़ेगी।
एक तरफ भारत का कहना है कि उसे कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है जबकि दूसरी तरफ पाकिस्तान कह रहा है कि उसने अपनी प्रतिक्रिया भेज दी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications