अमर द्वारा जारी सीडी घिनौना राजनीतिक दुष्प्रचार : बसपा
लखनऊ में रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में बसपा अध्यक्ष एवं सहकारिता मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि सबको पता है कि अमर सिंह फर्जी दस्तावेज बनाने में माहिर हैं। इस तरह का कृत्य करके उन्होंने एक बार फिर साबित कर दिया है कि वह निम्न स्तर की राजनीति करते हैं।
मौर्य ने अमर सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि वह राजनीतिक जोकर होने के साथ-साथ एक घोषित दलाल हैं। मौर्य ने आरोप लगाया कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार को बचाने के लिए अमर सिंह ने सांसदों की खरीद फरोख्त करके भारतीय संसद पर बदनुमा दाग लगाया है।
मौर्य ने कहा कि बसपा केंद्र सरकार से मांग करती है कि वह क्लिंटन फाउंडेशन के लिए करोड़ों रुपये दान करने वाले अमर सिंह की सम्पत्ति की सीबीआई से जांच कराए।
मौर्य ने स्पष्ट किया कि मायावती ने अपने जन्मदिन के लिए कभी भी सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग नहीं किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि बसपा दूसरे दलों की तरह उद्योगपतियों के पैसे से नहीं बल्कि अपने साधारण कार्यकर्ताओं के आर्थिक सहयोग से चल रही है। यह परम्परा कांशीराम के समय से चल रही है। तभी से मायावती के जन्मदिन को आíथक सहयोग दिवस के रूप में मनाया जाता है।
मौर्य ने कहा कि बसपा ने हमेशा सर्वसमाज के हितों को ध्यान में रखकर काम किए हैं, तभी इतने कम समय में पार्टी का जनाधार बढ़ गया है। यह बात सपा, भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) और कांग्रेस पचा नहीं पा रही हैं। इसीलिए समय-समय पर ये दल बसपा के खिलाफ राजनीतिक षडयंत्र रचते रहते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।