मध्यप्रदेश में रात में ठंड बढ़ने के आसार
बरसात के साथ शुरू हुई शीतलहर ने मौसम को और सर्द बना दिया है। आसमान पर छाए बादलों के कारण धूप नहीं निकल सकी है और लोग आग के सहारे समय काट रहे हैं।
सहायक मौसम वैज्ञानिक आऱ डी़ मेश्राम का कहना है कि उत्तर भारत और गुजरात में जो चक्रवाती हवा का दबाव बना है वह जल्दी ही कमजोर पड़ जाएगा। मौसम खुलने पर रात के समय ठंड बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को सबसे ज्यादा ठंडे इलाके ग्वालियर और दतिया रहे। कुछ इलाकों में वर्षा भी हुई। भोपाल का अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा।
पिछले तीन दिनों में प्रदेश के लगभग हर हिस्से में बादल अपना असर दिखा चुके हैं। ठंड में होने वाली इस बरसात को मावठा कहा जाता है और इसे फसल के लिए अमृत माना गया है। तीन दिनों में हुई इस बारिश ने फसलों को नया जीवन देने का काम किया है। कृषि विशेषज्ञों के मुताबिक अब मौसम खुल जाना चाहिए, अगर ऐसा नहीं होता है तो फसलों को नुकसान भी हो सकता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications