चंपई को केवल अंतरिम मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं शिबू सोरेन
रांची, 11 जनवरी (आईएएनएस)। झारखंड के मुख्यमंत्री पद से हटने जा रहे शिबू सोरेन चाहते हैं कि उनका उत्तराधिकारी केवल अंतरिम मुख्यमंत्री बने। उनकी योजना विधानसभा चुनाव लड़कर फिर मुख्यमंत्री बनने की है।
रविवार को शिबू सोरेन ने घोषणा की है कि सेरईकेला सीट से विधायक चंपई सोरेन उनके स्थान पर राज्य के मुख्यमंत्री बनेंगे। सूत्रों के अनुसार झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के विधायकों ने चंपई सोरेन को विधायक दल का नेता चुनने के एक पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं।
शिबू सोरेन ने नए मुख्यमंत्री के नाम पर विचार के लिए रविवार शाम को संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (यूपीए) के नेताओं और विधायकों की बैठक बुलाई है।
सूत्रों के अनुसार शिबू की योजना जामतारा विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने और जीतने के बाद चंपई के स्थान पर फिर से खुद मुख्यमंत्री बनने की है।
शिबू की इस योजना के पूरा होने में कुछ अड़चनें भी हैं। राष्ट्रीय जनता दल चाहता है कि पूर्व मुख्यमंत्री और निर्दलीय विधायक मधु कोड़ा फिर मुख्यमंत्री बनें। उधर कांग्रेस नेताओं ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र भेजकर राज्य में कांग्रेस का मुख्यमंत्री बनाने की मांग की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications