यौन शोषण मामले में बसपा नेता गिरफ़्तार

मत्स्य आयोग के अध्यक्ष राममोहन गर्ग को मंत्री स्तर का दर्जा प्राप्त है.
राजधानी लखनऊ में पुलिस के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि गर्ग को अलीगढ़ में एक महिला की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ़्तार किया गया है.
पुलिस उन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश करेगी.
महिला का यौन शोषण
ऐसी ख़बरें भी हैं कि शिकायत दर्ज कराने वाली महिला ने पुलिस के पास यौन शोषण की एक वीडियो सीडी भी जमा कराई है.
गिरफ़्तारी के बाद राममोहन गर्ग मे मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया और कहा कि उन्हें जो भी कहना होगा अदालत में कहेंगे.
उधर, राज्य में सरकार चला रही बुहजन समाज पार्टी (बसपा) ने एक बयान जारी कर कहा है कि राममोहन गर्ग का बसपा से कोई संबंध नहीं है और वे राज्य मत्स्य आयोग के अध्यक्ष पद से पहले ही इस्तीफ़ा दे चुके हैं.
बसपा के इस बयान को अपनी छवि बचाने का प्रयास माना जा रहा है.
उत्तर प्रदेश में हाल के दिनों में यह दूसरा मामला है जब किसी बसपा नेता को आपराधिक मामले में गिरफ़्तार किया गया है.
इसके पहले औरैया ज़िले के बसपा विधायक शेखर तिवारी को लोक निर्माण विभाग के इंजीनियर मनोज कुमार गुप्त की हत्या में शामिल होने के आरोप में उनके दो सहयोगियों के साथ गिरफ़्तार किया गया था.
इंजीनियर के परिजनों ने आरोप लगाया था कि मुख्यमंत्री के जन्मदिन के लिए चंदा न देने पर 24 दिसंबर को उनकी पीट-पीटकर हत्या कर दी गई.
इंजीनियर हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री मायावती विपक्ष के निशाने पर आ गई हैं. विपक्षी पार्टियाँ इस मुद्दे पर पूरे प्रदेश में आंदोलन छेड़े हुए हैं.
मत्स्य आयोग के अध्यक्ष की गिरफ्तारी से उनके हाथ एक नया मुद्दा लग गया है.












Click it and Unblock the Notifications