भारत, मालदीव समुद्री आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाएंगे
हिंद महासागर में निगरानी की अधिक जरूरत पर बल देते हुए मालदीव के राष्ट्रपति मुहम्मद नशीद ने गुरुवार को कहा कि हम जैसे देशों को हिंद महासागर को लेकर सतर्क रहना चाहिए।
नशीद ने कहा कि दोनों देशों के तटरक्षक बलों बीच सहयोग बढ़ाने की योजना है। अभी तक दोनों देश हर दो वर्ष में संयुक्त अभ्यास करते हैं, इसे अब और बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि समुद्री लुटेरों को आतंकवादी कार्यो के लिए नियुक्त किए जाने की आशंका रहती है। इसलिए हमें इस मामले पर सतर्क रहने के साथ ही अपनी सीमा से आगे निकलकर सोचना होगा।
नशीद और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बीच बुधवार को हुई वार्ता में भी हिंद महासागर की सुरक्षा का मुद्दा महत्वपूर्ण रूप से उठा था। नशीद अपनी चार दिवसीय यात्रा समाप्त कर गुरुवार माले रवाना होंगे।
नशीद ने मालदीव में बढ़ रहे इस्लामी कट्टरपंथियों की संख्या पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस समय 150 मालदीवी पाकिस्तान के मदरसों में पढ़ रहे हैं। इनमें 40 पाकिस्तान के प्रगतिशील मदरसों में शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं।
इससे पहले बुधवार को मालदीव को 10 करोड़ डॉलर का कर्ज देने के साथ ही हवाई संपर्क बढ़ाने के एक समझौते पर दोनों देशों ने हस्ताक्षर किए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications