असम में रेलमार्ग पर हुए विस्फोट में बाल-बाल बची राजधानी एक्सप्रेस
एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि विस्फोट पूर्वी कार्बी आंगलांग जिले के खटखटी गांव में रात करीब एक बजे हुआ।
कार्बी आंगलांग जिले के मुख्यालय दिफू से पुलिस अधिकारी ने टेलीफोन पर बताया कि राजधानी एक्सप्रेस जैसे ही खटखटी गांव से गुजरी पटरी पर विस्फोट हो गया। विस्फोट में रिमोट कंट्रोल का इस्तेमाल किए जाने की आशंका है।
रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि विस्फोट से पटरी क्षतिग्रस्त हो गई है। मरम्मत का कार्य आरंभ हो गया है और जल्द ही रेल सेवाएं बहाल कर दी जाएंगी। नई दिल्ली से तिनसुकिया जा रही राजधानी एक्सप्रेस में 700 यात्री थे।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि विस्फोट का निशाना निश्चित रूप से राजधानी एक्सप्रेस ही थी। पुलिस ने हमले का संदेह ऑल आदिवासी नेशनल लिबरेशन फ्रंट (एएएनएलए) पर जाहिर किया है। यह संगठन चाय बागान उद्योग में लगे श्रमिकों के लिए असम में पृथक गृहराज्य की मांग कर रहा है।
अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट का संबंध एएएनएलए के शीर्ष पांच नेताओं की हाल ही में झारखंड में गिरफ्तारी से हो सकता है।
गैर कानूनी संगठन एएएनएलए के स्वयंभू कमांडर मांगरा उरांव सहित गिरफ्तार पांच लोगों को पुलिस रिमांड पर असम लाया गया है। एएएनएलए विद्रोहियों पर दिसम्बर 2007 में भी राजधानी एक्सप्रेस को विस्फोट का निशाना बनाने का आरोप है। इस विस्फोट में पांच यात्रियों की मौत हुई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications