ज्ञानेंद्र के संभावित भारत दौरे को लेकर कूटनीतिक विवाद
काठमांडू, 24 दिसम्बर (आईएएनएस)। नेपाल के राज सिंहासन से बेदखल हुए पूर्व नरेश ज्ञानेंद्र एक बार सुर्खियों में हैं। एक पारिवारिक शादी-समारोह में शामिल होने के लिए भारत पहुंचने की उनकी तैयारी के कारण कूटनीतिक विवाद खड़ा हो गया।
काठमांडू घाटी के बाहरी इलाके में आम जिंदगी बसर कर रहे ज्ञानेंद्र फरवरी में अपने एक रिश्तेदार की शादी में शामिल होने के लिए उड़ीसा के मयूरभंज पहुंचना चाहते हैं। इसी सिलसिले में उन्होंने नेपाल में भारतीय राजदूत राकेश सूद से इसी माह मुलाकात की थी। उस मुलाकात को लेकर नेपाल सरकार ने अपना विरोध जताया है।
नेपाली विदेश मंत्री उपेंद्र यादव की ओर से कहा गया कि भारतीय राजदूत ने उनके मंत्रालय को सूचित किए बिना ज्ञानेंद्र से मुलाकात कर कूटनीतिक मानदंडों का उल्लंघन किया है। हालांकि बाद में मंत्रालय ने इससे इंकार किया कि उसने भारतीय राजनयिक की आलोचना की।
उधर, ज्ञानेंद्र के करीबी किशोर श्रेष्ठ ने कहा, "जब तक वे नेपाल नरेश थे तब तक प्रोटोकाल का मामला था। परंतु अब ज्ञानेंद्र को आशंका है कि भारत जाने के बाद नेपाल सरकार उनकी काठमांडू वापसी पर रोक न लगा दे।"
गौरतलब है कि श्रेष्ठ के साप्ताहिक 'जन आस्था' में बुधवार को उड़ीसा में हो रही शादी का पूरा विवरण छपा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications