दो दिन में दूसरी बार अस्त्र मिसाइल का सफल परीक्षण
बालासोर (उड़ीसा), 14 सितम्बर (आईएएनएस)। हवा से हवा में मार करने वाली मिसाइल 'अस्त्र' का रविवार को दोबारा सफल परीक्षण किया गया। उड़ीसा के तटीय चांदीपुर में स्थित इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज (आईटीआर) से दो दिनों में मिसाइल का यह दूसरा सफल परीक्षण था।
रक्षा सूत्रों ने बताया कि दृश्य परिधि के बाहर मार करने वाली इस मिसाइल को दिन में 11.47 बजे एक विशेष लांचर से सफलतापूर्वक दागा गया। आईटीआर के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि यह परीक्षण कांपलेक्स नंबर दो से किया गया।
इस मिसाइल को सुखोई-30 एमकेआई विमान के अलावा अन्य लड़ाकू विमानों जैसे मिराज 2000 और मिग-29 के माध्यम से भी इस्तेमाल किया जा सकता है।
कुल 150 किलो भार वाली इस मिसाइल को हैदराबाद स्थित रक्षा शोध एवं विकास प्रयोगशाला (डीआरडीएल) में पांच वर्षो में विकसित किया गया, जिसमें लगभग 10 अरब रुपये का खर्च आया। मिसाइल का निर्माण रक्षा शोध एवं विकास संस्थान (डीआरडीओ) के 'इंटीग्रेटेड गाइडेड मिसाइल डेवलपमेंट प्रोग्राम' के तहत किया गया है।
उल्लेखनीय है कि यह विशिष्ट मिसाइल की सफलता के बाद भारत अमेरिका, रूस, फ्रांस और इजरायल जैसे देशों की कतार में शामिल हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications