दिल्ली विस्फोट में मरने वालों की संख्या 23 हुई, 100 से अधिक घायल
नई दिल्ली, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। राजधानी में शनिवार शाम 22 मिनट के भीतर हुए पांच सिलसिलेवार धमाकों में मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है जबकि 100 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर है। ये धमाके राजधानी के भीड़भाड़ वाले बाजारों में हुए।
आतंकवादी संगठन इंडियन मुजाहिदीन ने इन धमाकों की जिम्मेदारी ली है। इससे पहले अहमदाबाद में 26 जुलाई को हुए धमाके की जिम्मेदारी भी इसी संगठन ने ली थी। ये धमाके अहमदाबाद में हुए सिलसिलेवार धमाकों के तकरीबन दो महीने बाद हुए हैं जिसमें 56 लोगों की मौत हो गई थी।
राजधानी के कनाट प्लेस में तीन, गेट्रर कैलाश-वन में दो और करोलबाग इलाके में एक धमाका हुआ। पहला धमाका करोल बाग के गफ्फार मार्केट में शाम 6.15 बजे हुआ। इलेक्ट्रानिक सामान के लिए मशहूर इस बड़े बाजार में कम से कम 16 लोग मारे गए और लगभग 50 लोग घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कनाट प्लेस के सेंट्रल पार्क में 10 सेकेंड के अंतराल पर दो धमाके हुए। दोनों बम डस्टबीन में रखे गए थे। यहां 20 लोग घायल हो गए।
कनाट प्लेस में तीसरा धमाका बाराखंभा रोड पर गोपाल दास भवन के निकट हुआ। यह स्थान मेट्रो स्टेशन के प्रवेश द्वार के निकट है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यहां भी बम एक डस्टबीन में रखा गया था। पुलिस के मुताबिक यहां धमाकों से दो व्यक्तियों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी प्रांजल बरुआ के अनुसार मरने वालों में एक साधु और एक महिला थी।
उधर, पुलिस ने बताया कि इंडिया गेट पर एक बम को फटने से पहले ही निष्क्रिय कर दिया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications