भारतीय मुसलमान दूसरों की भावनाओं का भी करें सम्मान : सलीम खान
मुंबई, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के पिता व जाने-माने पटकथा लेखक सलीम खान ने अपने परिवार के खिलाफ मौलवियों द्वारा फतवा जारी किए जाने की निंदा की है। यह फतवा खान परिवार के घर पर गणेशोत्सव का त्योहार मनाए जाने को लेकर मौलवियों द्वारा जारी किया गया था।

मुंबई स्थित एक इस्लामी संस्था 'दारुल-उलूम हिजाजिया चिश्ती' के प्रमुख मुफ्ती मंजर हसन खान अशरफी मिसबाही द्वारा अपने परिवार के खिलाफ बुधवार को जारी किए गए फतवे का विरोध करते हुए खान ने कहा कि उनकी पत्नी हिंदू हैं, इसलिए उनके बच्चों को गणेश पूजा करने से रोका नहीं जा सकता।
खान ने आईएएनएस को साक्षात्कार के दौरान कहा, "जो लोग इस्लाम के लिए बोलने का दावा करते हैं, असल में वह इस्लाम के खिलाफ है। पाक (पवित्र) कुरान पर मेरा पूरा यकीन है। उसमें लिखा है कि मेरा धर्म मेरे साथ है और आपका आपके साथ। अपनी धार्मिक भावनाओं को दूसरों पर थोपने की कोशिश मत करो।"
वे कहते हैं, "किसी के खिलाफ फतवा जारी करने वाले इन लोगों का स्तर ही क्या है? लोगों की धार्मिक भावनाओं या विश्वास को लेकर सवाल करने वाले वे कौन होते हैं? वे उन आतंकवादियों के खिलाफ तो कभी ऐसे फतवे नहीं जारी करते, जो कई निर्दोषों की जान ले रहे हैं। इसके लिए वे केवल धर्मनिरपेक्ष मुसलमानों को ही चुनते हैं।"
खान के अनुसार भारतीय मुसलमानों को दूसरों की धार्मिक भावनाओं का भी सम्मान करना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Click it and Unblock the Notifications