आईसीएल से जुड़ सकते हैं बांग्लादेश के 14 क्रिकेटर
ढाका, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। पूर्व कप्तान हबीबुल बशर सहित बांग्लादेश के 14 क्रिकेट खिलाड़ी बागी इंडियन क्रिकेट लीग (आईसीएल) से जुड़ सकते हैं। ऐसी खबर है कि आईसीएल प्रत्येक खिलाड़ी को तीन साल के करार के बदले दो लाख डॉलर देगा।
बांग्लादेश के सबसे प्रसिद्ध बंगला समाचार पत्र 'प्रोथोम आलू' (पहली रोशनी) में रविवार को प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक आईसीएल के साथ खिलाड़ियों की बातचीत अंतिम दौर में है, लेकिन इस संबंध में अभी तक कोई करार नहीं हुआ है। आईसीएल का नया सत्र 10 अक्टूबर से शुरू हो रहा है, जिसमें कुल 34 मैच खेले जाएंगे।
36 वर्ष के बशर को बांग्लादेश का सबसे सफल टेस्ट कप्तान कहा जाता है। उनकी कप्तानी में ही बांग्लादेश ने अपना पहला टेस्ट मैच जीता है। बांग्लादेश को अब तक खेले गए 29 टेस्ट मैचों में एकमात्र जीत मिली है। बशर के नाम टेस्ट मैचों में 3026 रन है।
समाचार पत्र के मुताबिक आईसीएल के साथ जुड़ने जा रहे खिलाड़ियों में सात ऐसे भी हैं, जो मौजूदा समय में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के केंद्रीय करार का फायदा उठा रहे हैं।
बशर के अलावा मोहम्मद रफीक, आलोक कपाली, शहरयार नफीस, आफताब अहमद, नजीमउद्दीन, फरहाद रेजा, धीमान घोष, मंजूर उल इस्लाम, तापस वैश्य, मोहम्मद शरीफ, मुशर्रफ हुसैन, महबूब उल करीम और गुलाम माबूद के आईसीएल के साथ जुड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
करीम और माबूद के अलावा बाकी सभी खिलाड़ी टेस्ट और एकदिवसीय मैचों में बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। कपाली और धीमान तो इसी महीने आस्ट्रेलिया के साथ हुई एकदिवसीय श्रंखला में खेले थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications