बुद्धदेब ने विपक्ष से की सिंगुर पैकेज स्वीकारने की अपील (लीड-2)
कोलकाता, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य ने प्रमुख विपक्षी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के नेतृत्व वाले प्रदर्शनकारी किसानों से सिंगुर पैकेज स्वीकार कर लेने की अपील की है।
भट्टाचार्य ने रविवार को बर्धवान में एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, "मैं विपक्ष से पैकेज स्वीकार करने की अपील करता हूं। यह जमीन देने वाले किसानों की जरूरतें पूरी करता है। यदि यह पैकेज आज स्वीकार कर लिया जाता है, तो टाटा कल से काम को (निर्माणाधीन नैनो फैक्ट्री) आगे बढ़ाना शुरू कर देगी।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परियोजना राज्य के हित के लिए जरूरी है।
भट्टाचार्य ने कहा, "राज्य और यहां की जनता की बेहतरी के लिए हमें फैक्ट्री (नैनो) योजना के लिए आगे बढ़ना होगा। हमारी जीत होगी। हम सबकुछ कानून सम्मत तरीके से कर रहे हैं।"
जमीन विवाद मसले के समाधान के लिए बातचीत की जरूरत पर बल देते हुए उन्होंने कहा, "हम बातचीत के जरिए मसले का हल निकालना चाहते हैं, लेकिन हम इस परियोजना से मुंह नहीं मोड़ सकते।"
गौरतलब है कि टाटा मोटर्स ने एक लाख रुपये वाली कार 'नैनो' के उत्पादन संयंत्र के लिए जमीन अधिग्रहण से प्रभावित किसानों के लिए पश्चिम बंगाल सरकार के पैकेज का स्वागत किया है और इस विवाद को सुलझाने में सरकार के प्रयासों की सराहना की है।
कंपनी ने अपने बयान में कहा कि टाटा मोटर्स ने पश्चिम बंगाल के औद्योगिकरण करने में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए सिंगुर में नैनो परियोजना स्थापित करने का फैसला किया था। इस पहल के माध्यम से कंपनी प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से रोजगार के मौके मुहैया कराकर इस क्षेत्र के अर्थिक विकास में योगदान करना चाहती है।
पश्चिम बंगाल सरकार ने सिंगुर स्थित नैनो परियोजना के लिए अधिग्रहित जमीन के लिए मुआवजे के नवीनतम पैकेज पर लोगों का समर्थन जुटाने के प्रयास में रविवार को स्थानीय अखबारों में विज्ञापन भी दिया है।
विज्ञापन में राज्य सरकार की ओर से कहा गया है, "परियोजना का निर्माण कार्य सामान्य रूप से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से यह पैकेज मुहैया कराया जा रहा है।" यह विज्ञापन कुछ अखबारों के मुख्य पृष्ठ पर और कुछ अखबारों में अंदर के पृष्ठ पर प्रमुखता से छापा गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications