माकपा ने की आतंकवादी हमलों पर संसद का सत्र बुलाने की मांग
नई दिल्ली, 14 सितम्बर (आईएएनएस)। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी-मार्क्सवादी (माकपा) ने केंद्र की संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार से तत्काल संसद सत्र बुला कर देश में लगातार घट रही आतंकवादी घटनाओं पर रिपोर्ट प्रस्तुत करने की मांग की है।
माकपा की यह मांग राजधानी दिल्ली में शनिवार को हुए श्रृंखलाबद्ध बम विस्फोटों के बाद आई है। इन विस्फोटों में 21 लोग मारे गए थे और तकरीबन 100 लोग घायल हो गए थे।
हालांकि, माकपा ने भारतीय जनता पार्टी के उस मांग को सिरे से खारिज कर दिया है जिसमें उसने आतंकवाद से निपटने के लिए एक सख्त कानून बनाने की मांग की है।
पार्टी के पोलित ब्यूरो ने जारी एक बयान में कहा है कि अतीत में बनाए गए आतंकवाद विरोधी कानून पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। लिहाजा कोई नया कानून बनाने के बजाय आज जरुरत एक ऐसा खुफिया तंत्र व जांच प्रणाली विकसित करने की है जो ऐसी हरकतों में लिप्त लोगों को बेनकाब कर सके।
जयपुर, अहमदाबाद और बेंगलुरू में हुए विस्फोटों का हवाला देते हुए माकपा ने कहा है किअहमदाबाद विस्फोट के कुछ मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है। लेकिन दिल्ली की घटना ने यह साबित कर दिया है अभी तक आतंकवादियों के नेटवर्क को तोड़ा नहीं जा सका है।
माकपा ने सरकार से इस मामले में स्पष्टीकरण की मांग की है कि आखिर सरकारी खुफिया और सुरक्षा तंत्र इस घटना की पूर्व सूचना हासिल करने में विफल कैसे रह गए।
पार्टी के पोलित ब्यूरो ने इस घटना में शिकार हुए लोगों और उनके परिजनों के प्रति अपनी पूर्ण संवेदना जाहिर की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications