सपा ने अपने 6 बागी सांसदों को निष्कासित किया (लीड-1)
नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। पार्टी व्हिप का उल्लंघन कर लोकसभा में पेश विश्वास प्रस्ताव के दौरान सरकार के खिलाफ मतदान करने वाले समाजवादी पार्टी (सपा) के छह सांसदों को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
नई दिल्ली, 25 जुलाई (आईएएनएस)। पार्टी व्हिप का उल्लंघन कर लोकसभा में पेश विश्वास प्रस्ताव के दौरान सरकार के खिलाफ मतदान करने वाले समाजवादी पार्टी (सपा) के छह सांसदों को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।
सपा महासचिव अमर सिंह ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा, "पार्टी अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने गाजीपुर से सांसद अफजल अंसारी, फुलपुर से सांसद अतीक अहमद, जलेसर से एस. पी. सिंह बघेल, मुजफ्फरनगर से सांसद मुनव्वर हसन, हमीरपुर से सांसद राजनारायण बुधौलिया और मोहनलालगंज से सांसद जयप्रकाश रावत को पार्टी से निष्कासित करने का फैसला किया है।"
उन्होंने कहा, "इस संबंध में लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी को शनिवार को एक पत्र भेजा जाएगा। सपा संसदीय दल के नेता रामगोपाल यादव यह पत्र भेजेंगे।"
सिंह से जब यह पूछा कि क्या सपा प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की मंत्रिपरिषद में शामिल होगी, तो इसके जवाब में उन्होंने कहा, "इस बारे में अभी तक कोई फैसला नहीं हुआ है। वैसे भी मै अपनी पार्टी में फैसला लेने की स्थिति में नहीं हूं।"
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसदों द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज करते हुए अमर सिंह ने कहा, "हम भी यह कह सकते हैं कि भाजपा और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने हमारे सांसदों को खरीदा है। लेकिन हमने कभी ऐसा नहीं कहा।"
उन्होंने कहा, "यदि कोई साबित कर दे कि मैने सांसदों को घूस दी हैं तो मै सार्वजनिक जीवन से सन्यास ले लूंगा। यह मेरे खिलाफ बहुत बड़ा षडयंत्र है। यह या तो भाजपा या फिर बसपा का काम है।"
अमर सिंह ने कहा कि जिस निजी टेलीविजन चैनल ने दावा किया है कि उसके पास घूस दिए जाने के सबूत के रूप में वीडियो टेप मौजूद है तो वह उसे सार्वजनिक क्यों नहीं करता।
उन्होंने कहा, "राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने दावा किया है कि उनकी पार्टी के सांसद पप्पू यादव को भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा ने रिश्वत देने की पेशकश की थी। मल्होत्रा को इस बारे में स्पष्टीकरण देना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications