Success Story: 3 बार UPSC पास करने वाला IAS रवि कुमार सिहाग अब विवादों में, क्या छिन जाएगी नौकरी?
Ravi Kumar Sihag: मध्य प्रदेश कैडर के युवा भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी और राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के निवासी रवि कुमार सिहाग इन दिनों मुश्किल में हैं। उन पर आरक्षण श्रेणी के प्रमाणपत्रों में गंभीर अनियमितताओं के आरोप लगे हैं, जिसके चलते वह जांच के घेरे में आ गए हैं।
भारत सरकार के कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर संबंधित राज्य सरकारों को मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच का उद्देश्य यह पता लगाना है कि क्या आईएएस रवि कुमार सिहाग ने आरक्षण का लाभ गलत तरीके से उठाया। DoPT ने EWS, OBC, NCL, SC, ST और विकलांग श्रेणियों से संबंधित प्रमाणपत्रों की सत्यता की पुष्टि करने को कहा है।

यह भी पढ़ें- Ravi Kumar Sihag : किसान के बेटे रवि सिहाग ने तीन बार पास की UPSC, जानिए पूरी सक्सेस स्टोरी
Ravi Kumar Sihag: UPSC टॉपर पर आरोप
रवि कुमार सिहाग ने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2021 में ऑल इंडिया रैंक 18 हासिल कर मध्य प्रदेश कैडर में नियुक्ति पाई थी। 16 अगस्त 2024 को DoPT को एक शिकायत मिली थी, जिसमें कुछ उम्मीदवारों पर फर्जी तरीके से आरक्षण का लाभ लेने का आरोप लगाया गया था।
शिकायत के बाद DoPT ने राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, ओडिशा, केरल, बिहार और महाराष्ट्र के कुल 11 IAS, 2 IPS, 1 IFS और 1 IRAS अधिकारियों के प्रमाणपत्रों की जांच के आदेश दिए हैं। इन अधिकारियों में रवि कुमार सिहाग का नाम भी शामिल है।

क्या है रवि सिहाग पर आरोप? (Who is Ravi Kumar Sihag)
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रवि कुमार सिहाग ने UPSC की सिविल सेवा परीक्षा 2018 और 2019 में सामान्य वर्ग (General Category) से भाग लिया था, लेकिन 2021 में EWS (Economically Weaker Section) कोटे से लाभ प्राप्त किया। आरोप है कि EWS श्रेणी के तहत अर्हता प्राप्त करने के लिए उन्होंने अपनी जमीन रिश्तेदारों को दान में दे दी। हालांकि, रवि सिहाग ने इन सभी आरोपों को निराधार बताया है।
UPSC की संघर्ष भरी यात्रा
रवि कुमार सिहाग की UPSC यात्रा बेहद प्रेरणादायक रही है।
- 2018: पहले प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 337 हासिल कर भारतीय रक्षा लेखा सेवा (IDAS) में चयनित हुए।
- 2019: दूसरे प्रयास में रैंक 317 प्राप्त कर भारतीय रेल यातायात सेवा (IRTS) में नियुक्त हुए।
- 2020: तीसरे प्रयास में मुख्य परीक्षा में असफल रहे।
- 2021: चौथे प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 18 प्राप्त कर हिंदी माध्यम से टॉप किया और IAS बने।

IAS Ravi Kumar Sihag Current Posting: वर्तमान पोस्टिंग और पारिवारिक पृष्ठभूमि
रवि कुमार सिहाग वर्ष 2022 बैच के IAS अधिकारी हैं और वर्तमान में मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के लखनादौन में उपखंड अधिकारी (SDM) पद पर तैनात हैं।
वे मूल रूप से राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले की विजयनगर तहसील के गांव चक 3 बीएएम के निवासी हैं। उनका जन्म 2 नवंबर 1995 को किसान रामकुमार सिहाग और विमला देवी के घर हुआ।
रवि की बहन पूनम सिहाग गृहिणी हैं, रवीना सिहाग सूरतगढ़ ब्लॉक के एक सरकारी स्कूल में अंग्रेजी की शिक्षिका हैं, जबकि कोमल सिहाग रायसिंहनगर में कृषि पर्यवेक्षक के पद पर कार्यरत हैं।
यह भी पढ़ें- Ravi Kumar Sihag : हिंदी मीडियम के रवि सिहाग ने 3 बार पास की UPSC, बहन ने बताया कामयाबी का राज












Click it and Unblock the Notifications