मिलिये लोगों के फेवरेट 'काका' से! 74 साल की उम्र में भी है मेहनत करने का जज्बा, बोले- 'घर बैठकर खाऊंगा तो...'
Hasan Ali: हसन अली नाम का शख्स 74 साल की उम्र में भी घर पर आराम से बैठने की बजाय रुमाल बेचकर परिवार का सहारा बनने की कोशिश कर रहा है। इस शख्स की कहानी की जबरदस्त चर्चा है।

Hasan Ali inspiring story: लोग अकसर अपनी नौकरी से छुट्टी लेने या फिर अपने बिजी शेड्यूल से ब्रेक लेकर आराम करने के बारे में सोचते हैं। बढ़ती उम्र के बाद खासतौर पर लोग घूमने की प्लानिंग करते हैं। लेकिन 74 साल के जिस शख्स के बारे में हम आपको बताने जा रहे हैं, उनकी कहानी कुछ और ही है।
ये कहानी है बुजुर्ग शख्स की
10 साल पहले रिटायरमेंट ले चुके हसन अली की ये कहानी 'humansofBombay' ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर की है। ये कहानी 74 वर्षीय व्यक्ति की है, जिनके मन में काम करने की इच्छा आज भी मौजूद है। जानिये मुंबई के बोरीवली स्टेशन पर रुमाल बेचने वाले हसन की प्रेरक कहानी।
सामान बेचने का है हुनर
हसन ने बताया कि कैसे वे पहले जूते की दुकान पर काम करते थे। सामान बेचने की उनकी कला काफी शानदार थी। वैसे तो 10 साल पहले हसन ने अपनी नौकरी से इस्तीफा दे दिया था। लेकिन आज भी उनके काम करने की इच्छा उनकी कम नहीं हुई। बेचने की कला में कुशल हसन का कहना है कि बेचना एक कला है। आपको ये जानने की जरूरत नहीं है कि वो व्यक्ति बिना कहे क्या चाहता है। मैंने सालों से ऐसा करना सीखा है। एक इंसान को देखता हूं तो समझ जाता हूं कि उन्हें क्या पसंद आएगा।
17 सालों से बेच रहे रुमाल
हसन पिछले 17 सालों से रुमाल बेच रहे हैं। कई बार उनका परिवार उन्हें आराम करने और रिटायरमेंट लेने को कहता है। वे बताते हैं कि मेरे परिवार में मेरी पत्नी, एक बेटा, बहू और पोती हैं। वे कहते हैं कि और कितना काम करोगे अब्बा? वे चाहते हैं कि मैं एक ब्रेक लूं। हसन का कहना है कि वे काम करते हैं ताकि उन्हें बिस्तर पर ना रहना पड़े।
'काका' कहकर बुलाते हैं लोग
ग्राहक भी अपने 74 साल के काका को काफी प्यार देते हैं। हसन कहते हैं कि मैं इन रुमालों को बेचने के लिए हर दिन अपने घर से इस जगह तक बस से सफर करता हूं। मैंने सालों से काफी ज्यादा ग्राहक बनाए हैं। वे सब लोग मुझे काका कहकर बुलाते हैं। हम लोगों के बीच काफी प्यार है।
वीडियो देख लोगों को मिली प्रेरणा
सोशल मीडिया पर लोग हसन की स्टोरी सुनने के बाद काफी प्रेरित हो रहे हैं। एक यूजर ने कहा कि मैं अपनी जिंदगी के बारे में सोचकर काफी परेशान हो रहा था और फिर मुझे ये वीडियो मिला। ये वास्तव में सुखद है कि कुछ लोग कितने संतुष्ट हैं और उनसे काफी कुछ सीखने को मिलता है।
'कहानी ने मेरे रोंगटे खड़े कर दिए'
एक और ने शख्स के उत्साह की जमकर तारीफ की। यूजर्स ने कहा कि इस वीडियो ने मेरे रोंगटे खड़े कर दिए हैं। इस इंसान की शक्ति को सलाम। हसन का ये वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है और लोग उनके उत्साह की काफी तारीफ भी कर रहे हैं। वाकई में हसन के जज्बे से काफी कुछ सीखने को मिलता है।












Click it and Unblock the Notifications