सर्दियों में Rum पीने से शरीर में आती है गर्मी? क्या गम भूल जाता है इंसान? जान लें इसके पीछे का कड़वा सच
Rum In Winters: जैसे ही ठंड का मौसम शुरू होता है, शराब की बिक्री में अपने आप उछाल आ जाता है। आम लोगों की धारणा है कि सर्दियों में शराब पीने से शरीर गर्म रहता है, इसलिए लोग खासतौर पर रम को ठंड भगाने का सबसे आसान उपाय मान लेते हैं।
'दो पेग रम मार लो, सब ठीक हो जाएगा'
दोस्तों की महफिल हो या ठंड से कांपता मौसम, अक्सर सलाह मिलती है- 'दो पेग रम मार लो, सब ठीक हो जाएगा'। लेकिन सवाल ये है कि क्या ये धारणा वैज्ञानिक रूप से सही है?

Rum कैसे बनती है और इसमें कितना एल्कोहल होता है?
रम, व्हिस्की, बीयर और वाइन-इन सभी शराबों को अलग-अलग तरीकों से तैयार किया जाता है और इनमें एल्कोहल की मात्रा भी अलग होती है। रम आमतौर पर गन्ने के रस या शीरे से बनाई जाती है। इसमें लगभग 40 से 50 प्रतिशत तक एल्कोहल होता है। यही वजह है कि 2-3 पेग रम लेने के बाद ही ज्यादातर लोगों को नशा महसूस होने लगता है।
क्या रम पीने से ठंड नहीं लगती? क्या है सच?
-सर्दियों में रम पीकर शरीर गर्म रहने का दावा पूरी तरह से एक मिथ (भ्रम) है। असल में शराब शरीर को गर्म नहीं करती बल्कि अंदर से ठंडा कर देती है। जब आप शराब पीते हैं तो वो शरीर की ब्लड वेसेल्स में फैल जाती है। इससे त्वचा पर गर्माहट महसूस होती है लेकिन इसी प्रक्रिया में कोर बॉडी टेंपरेचर तेजी से गिरने लगता है।
-ऐसे में आपको भले ही गर्मी महसूस हो रही हो लेकिन आपका शरीर असल में ठंडा हो रहा होता है। ज्यादा ठंड में शराब पीने से हाइपोथर्मिया का खतरा भी बढ़ सकता है जो जानलेवा साबित हो सकता है।
शराब से मिलती है नकली गर्मी और झूठा आराम
शराब पीने के बाद जो गर्मी या सुकून महसूस होता है, वह स्थायी नहीं होता। ये सिर्फ दिमाग का भ्रम है क्योंकि शराब दिमाग में डोपामिन रिलीज करती है जिससे कुछ देर के लिए खुशी और आराम महसूस होता है। साथ ही एंडोर्फिन रिलीज होता है जो दर्द और तनाव को अस्थायी रूप से दबा देता है। हालांकि ये असर कुछ समय बाद खत्म हो जाता है।
क्या गम भुलाने का इलाज है शराब?
-कई लोग मानसिक तनाव या गम से राहत पाने के लिए शराब का सहारा लेते हैं। हालांकि एक्सपर्ट्स मानते हैं कि ये समाधान नहीं बल्कि समस्या की शुरुआत है।
-शुरुआत में शराब के 2 पेग से सुकून मिलता है लेकिन कुछ समय बाद वही असर पाने के लिए 4 पेग की जरूरत महसूस होती है। फिर धीरे-धीरे शरीर इसकी आदत डाल लेता है। इस तरह शराब नशे की लत में बदल जाती है और अंत में राहत नहीं बल्कि डिप्रेशन, चिंता और शारीरिक बीमारियां बढ़ती जाती हैं।
सेहत के लिए क्या है बेहतर विकल्प?
-अगर सर्दियों में ठंड से बचना चाहते हैं तो शराब नहीं बल्कि गर्म कपड़े पहनें, गुनगुना पानी और सूप पिएं। साथ ही अदरक, हल्दी और शहद जैसे प्राकृतिक चीजों का सेवन करें। ये तरीके शरीर को सच में गर्म रखते हैं। शराब की तरह सिर्फ भ्रम नहीं पैदा करते।
-सर्दियों में रम या किसी भी तरह की शराब पीकर गर्म रहने का दावा पूरी तरह गलत है। शराब कुछ देर के लिए सुकून और गर्माहट का एहसास जरूर देती है लेकिन ये शरीर को अंदर से ठंडा कर देती है और सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकती है। दरअसल ठंड भगाने के लिए शराब नहीं समझदारी जरूरी है।












Click it and Unblock the Notifications