Winter Clothes: सर्दी के कपड़ों की चमक बरकरार रखने के लिए अपनाएं ये उपाय, ऐसे करें स्टोर
Winter Clothes: सर्दियों में लोग सुंदर और डिजाइनर गर्म कपड़े खरीदते हैं, जिससे ठंड से तो बचाव होता ही है, साथ ही ये आपको एक परफेक्ट लुक भी देते हैं। सर्दियों वाले वुलन कपड़े बेहद नाजुक होते हैं, इसलिए उनकी सही से देखभाल करना बहुत ही जरूरी होता है। वुलेन कपड़ों का उचित रखरखाव भी होना चाहिए।
सही से देखभाल न करने पर वही गर्म कपड़े एक समय के बाद पुराने और बेरंग होने लग जाते हैं। इन वुलेन कपड़ों पर रोएं निकलने लगते हैं। इसलिए ये जरूरी है कि उन कपड़ों को ढंग से रखा जाए। आइए आपको बताते हैं सर्दी के कपड़ों की चमक बरकरार रखने के लिए आप कौन से उपाय कर सकते हैं।

धूप में सुखाएं गर्म कपड़े
ऊनी कपड़ों को सर्दियों के बाद स्टोर करने से पहले अच्छी तरह से धूप में सुखा लेना चाहिए। ऐसा करने से कपड़ों में मौजूद बैक्टीरिया खत्म हो जाते हैं। साथ ही इस बात का भी ध्यान रखें कि फ्लैट सरफेस पर रखकर ही कपड़ों को सुखाएं। इससे कपड़ों का शेप और साइज खराब नहीं होता है। धूप में ऊनी कपड़ों को सुखाते हुए इस बात का ध्यान रहे कि कपड़ों की सूर्य की डायरेक्ट किरण लगने से बचाएं, इससे कपड़ों का रंग खराब होता है। निचोड़ कर भी ऊनी कपड़ों को सुखाने से कपड़े बदरंग हो सकते हैं।
गर्म कपड़ों को ऐसे करें स्टोर
सर्दी का सीजन खत्म होने पर कपड़ों को धोकर किसी साफ अलमारी या बैग में रखें। ध्यान रहे कि जहां आप कपड़े रख रहें हैं वह जगह साफ हो। अलमारी में कुछ नीम की पत्तियां रखकर वहां अखबार बिछा कर कपड़ो को स्टोर करें। ऐसा करने से कपड़ों में नमी नहीं होगी।
नेफ्थलीन बॉल्स का करें इस्तेमाल
लंबे समय तक गर्म कपड़ों की फ्रेशनेस बनाए रखने के लिए और कपड़ों को स्मेल से बचाने के लिए नेफ्थलीन बॉल को छोटी-छोटी पोटलियों में बांधकर अलमारी के अलग-अलग कोनों में रख दें। इससे स्मेल नहीं आएगी और बैक्टीरिया भी मर जाएंगे।
बच्चों और बड़ों के कपड़ों को अलग रखें
घर के बच्चे और बड़ों के गर्म कपड़ों को अलग-अलग स्टोर करें। ऐसे में आपको जब जरूरत पड़े आप उस हिसाब से कपड़े निकाल सकते हैं। इससे कपड़ा टाइम पर निकालने में आसानी भी होगी और कपड़े बिखरेंगे भी नहीं।
लकड़ी की अलमारी से बचें
आपको बता दें कि कभी भी सर्दी के गर्म कपड़ों को लकड़ी की अलमारी में न रखें। लकड़ी की अलमारी में दीमक लगने का चांस होता है, जिससे कपड़े खराब हो सकते हैं। गर्म कपड़ों को लोहे संदूक या फिर फाइबर की अलमारियों में ही रखें।
गर्म कपड़ो को प्रेस न करें
ऊनी कपड़े बहुत नाजुक होते हैं। ऊनी कपड़ो पर आयरन करने से वो जल सकते हैं। इसलिए ऊनी कपड़ों पर आयरन न करने की सलाह दी जाती है। इसके बावजूद अगर आपको ऊनी कपड़ों पर आयरन करने की जरूरत पड़ती है तो इसे सीधा कपड़े में टच न करके उसके ऊपर सूती दुपट्टा या अखबार बिछाकर ही प्रेस करें।
गर्म कपड़ो का रखें विशेष ख्याल
अगर आपके कपड़ों पर लिखा है केवल 'ड्राई क्लिन करें' तो इसे नजरअंदाज न करें। उन्हें ड्राई क्लीन ही कराएं। कोट और ब्लेजर, जैकेट या मुलायम ऊन के स्वेटर वगैरह नाजुक ऊनी कपड़े होते हैं। पानी के संपर्क में आने से ये कपड़े बहुत ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं, जिससे वे पहनने लायक नहीं रह जाते हैं और अपनी चमक खो देते हैं। ऐसे में गर्म कपड़ों का ध्यान जरूर रखें।












Click it and Unblock the Notifications