Ram mandir prasad: प्राण प्रतिष्ठा के दिन घर बैठे मिलेगा राम मंदिर का पहला प्रसाद? जान लीजिए असली सच
Ayodhya Ram Mandir prasad: अयोध्या में 'राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा' की घड़ियां अब बेहद नजदीक हैं और 22 जनवरी को शुभ मुहूर्त में विशेष मंत्रों के साथ इसे पूरा किया जाएगा। इसके अगले दिन 23 जनवरी से मंदिर सभी भक्तों के लिए खुल जाएगा।
हालांकि, प्राण प्रतिष्ठा से पहले राम मंदिर को लेकर कुछ ऐसी खबरें भी सोशल मीडिया पर चल रही हैं, जिनकी सच्चाई जानना बहुत जरूरी है। ऐसी ही एक खबर है, प्राण प्रतिष्ठा के दिन घर बैठे राम मंदिर का पहला प्रसाद पाने की।

प्रसाद डिलीवर करने को लेकर क्या है दावा?
सबसे पहले आपको बताते हैं कि राम मंदिर के प्रसाद को लेकर क्या दावा किया जा रहा है? दरअसल, कुछ कंपनियों ने सीधे तौर पर विज्ञापन देते हुए लिखा है कि वो 22 जनवरी को होने वाली प्राण प्रतिष्ठा पर राम मंदिर का पहला प्रसाद घर बैठे फ्री में डिलीवर करेंगी। इनमें 'खादी ऑर्गेनिक' और 'मंदिर दर्शन' जैसी कंपनियां शामिल हैं। यानी आपको वेबसाइट पर जाकर केवल बुकिंग करनी होगी और प्रसाद आपके घर पहुंच जाएगा।
इसी तरह ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन पर 'बिहारी ब्रदर्स' नाम की फर्म ने श्री राम मंदिर अयोध्या प्रसाद के तौर पर 6 अलग-अलग मिठाइयों को दिखाया है। इसमें दावा किया गया है कि ऑर्डर करने पर ये प्रसाद सीधे अयोध्या के राम मंदिर से लेकर डिलीवर किया जाएगा। इन कंपनियों के ये विज्ञापन इंटरनेट पर भी तेजी से वायरल हो रहे हैं।
क्या है इन दावों का असली सच?
आखिर क्या है राम मंदिर के पहले प्रसाद का सच? क्या वाकई प्राण प्रतिष्ठा के दिन राम मंदिर का पहला प्रसाद घर बैठे मंगा सकते हैं? क्या 'श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र' ने प्रसाद को लेकर इन कंपनियों के साथ कोई बातचीत की है? तो आपको बता दें कि ये सभी दावे झूठे हैं और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की तरफ से प्रसाद को लेकर ऐसा कोई ऐलान नहीं किया गया है।
'ट्रस्ट के साथ कंपनियों का कोई समझौता नहीं'
'the quint' के फैक्ट चेक के मुताबिक, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की वेबसाइट पर प्रसाद डिलीवर करने वाली इन कंपनियों से किसी तरह के समझौते का कोई जिक्र नहीं है। इसके अलावा ट्रस्ट के ऑफिशियल एक्स (ट्विटर) हैंडल पर इस तरह की कोई सूचना नहीं दी गई है। वहीं, विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता विनोद बंसल ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखते हुए ऐसे दावों से सावधान रहने के लिए कहा है।
विनोद बंसल ने दी कानूनी कार्यवाही की चेतावनी
विनोद बंसल ने अपनी पोस्ट में लिखा, 'कभी VIP दर्शन तो कभी घर बैठे प्रसाद के नाम पर अनेकों विज्ञापन राम भक्तों को दिगभ्रमित कर, छल कपट का प्रयास कर रहे हैं। अमेजन जैसी वेबसाइट पर भी इस तरह के अनेक विज्ञापन देखे जा रहे हैं। समाज को इनसे सावधान रहना होगा। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ने किसी को भी इन कामों के लिए अधिकृत नहीं किया है। किसी के झांसे में ना आएं। इन वेबसाइट्स को भी ऐसे झूठे विज्ञापनों को अविलंब हटाना चाहिए अन्यथा, हम कानूनी कार्यवाही के लिए विवश होंगे।'
वेबसाइट्स ने भी जारी की सफाई
इसके बाद प्रसाद डिलीवर करने का दावा करने वाली वेबसाइट्स की तरफ से भी मामले पर सफाई दी गई है। खादी ऑर्गेनिक और मंदिर दर्शन वेबसाइट्स ने स्वीकार किया है कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र से उनका किसी तरह का कोई लिंक नहीं है। इसके साथ इन वेबसाइट्स ने प्रसाद डिलीवर करने वाला विज्ञापन भी हटा लिया गया है।

Fact Check
दावा
कुछ वेबसाइट्स पर दावा किया जा रहा है कि प्राण प्रतिष्ठा का पहला प्रसाद घर बैठे डिलीवर किया जाएगा।
नतीजा
यह दावा झूठा है और इन वेबसाइट्स का श्री राम जन्मभूमि ट्र्स्ट से कोई लिंक नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications