Fact Check: मायावती से जुड़े पुराने सर्वे को 2022 चुनाव का बताकर किया जा रहा वायरल
नई दिल्ली, 9 दिसंबर: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। साथ ही सभी पार्टियों की टीमें सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और उनकी ओर से लगातार जीत के दावे भी किए जा रहे। इस बीच कुछ लोग अफवाह फैलाकर जनता को बरगलाने की भी कोशिश कर रहे हैं। अब बहुजन समाजवादी पार्टी से जुड़ा एक ऐसा ही दावा किया जा रहा, लेकिन उसकी सच्चाई कुछ और ही है।

सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में बीएसपी समर्थक एक स्क्रीनशॉट शेयर कर रहे हैं, जिस पर 'हिंदी खबर' नाम के चैनल का लोगो लगा हुआ है। इसमें दावा किया गया कि यूपी में सीएम पद की पहली पसंद मायावती हैं, एक सर्वे में 42 प्रतिशत लोगों ने उनको वोट दिया। वहीं नीचे लिखा है कि 'बीएसपी छू सकती है सीटों का जादुई आंकड़ा'। स्क्रीनशॉट की सच्चाई जाने बिना बीएसपी समर्थक इसे वायरल कर रहे हैं।
जांच में पता चला कि ये सर्वे अभी का नहीं है। जब 2017 में यूपी के विधानसभा चुनाव होने थे, तो इसे 2016 में किया गया था। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक पिछले चुनाव में सीएम पद के लिए सर्वे हुआ था, जिसमें मायावती, अखिलेश यादव, राजनाथ सिंह, शीला दीक्षित आदि का नाम था। साथ ही इसे 'हिंदी खबर' चैनल के प्रधान संपादक अतुल अग्रवाल ने भी फर्जी बताया है। उन्होंने कहा कि उनके चैनल ने ऐसा कोई सर्वे नहीं करवाया है। हो सकता है कि पिछले चुनाव में किसी सर्वे की रिपोर्ट डिजिटल टीम ने प्रकाशित की हो, लेकिन उनके चैनल का इससे कोई लेना-देना नहीं है।

चुनावी मौसम में रहें सावधान
इन दिनों यूपी समेत कई राज्यों में विधानसभा चुनाव की तैयारियां चल रही हैं। जिसके लिए सभी पार्टी के समर्थकों ने सोशल मीडिया पर मोर्चा संभाल लिया है। इस दौरान बहुत सी भ्रामक जानकारियां भी प्रकाशित की जाएंगी, ऐसे में आप किसी खबर को सोशल मीडिया पर शेयर करने से पहले उसे जरूर सत्यापित कर लें।

Fact Check
दावा
मायावती मुख्यमंत्री पद के लिए पहली पसंद।
नतीजा
सर्वे 2016 का है।












Click it and Unblock the Notifications