Fact Check: क्या ऋषि सुनक मंत्रियों के ऑफिस में करवा रहे सुंदरकांड का पाठ? जानें वायरल मैसेज का सच
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हो रही, जिसमें दावा किया गया कि ऋषि सुनक ने मंत्रियों के ऑफिस में सुंदरकांड करवाने का आदेश दिया है। ये पोस्ट फेक है।

भारत में रामचरितमानस को लेकर विवाद जारी है। हाल ही में इसके विरोध में कई नेताओं के बयान सामने आए। इस बीच सोशल मीडिया पर बहुत से लोग इसको लेकर अलग-अलग तरह की बातें कर रहे। कुछ लोग तो इस विवाद की आड़ में अफवाह भी फैला रहे, जिसको बहुत से यूजर्स ने सच मान लिया।
अब लोग सोशल मीडिया पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक को लेकर नई-नई बातें कर रहे। एक यूजर ने लिखा कि अरे मूर्खों तुम रामचरितमानस का मजाक उड़ाते रहे और इंग्लैंड के पीएम ऋषि सुनक ने बड़ा खेल कर दिया। ये फोटो सुनक के ऑफिस में सुंदरकांड पाठ की है। ब्राह्मण पुत्र सुनक ने बयान दिया है कि शिवरात्रि से सरकारी खर्चे पर हर मंत्री के दफ्तार में हर मंगलवार को सुंदरकांड का पाठ होगा। जय सनातन। इसके बाद लोगों ने इसको सच मानकर शेयर करना शुरू कर दिया। एक यूजर ने लिखा कि बहुत ही सुखद समाचार ब्रिटेन से आया है। लोग इसे तेजी से शेयर करें।
वैसे जब इस मामले की जांच की गई तो ये पूरी तरह से फेक निकला। ऐसा कोई फैसला ऋषि सुनक या फिर उनकी सरकार ने नहीं लिया है। हमारी टीम ने जब ब्रिटेन के स्थानीय अखबारों को चेक किया तो भी ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली। ऐसे में साफ हो गया कि ये पोस्ट फर्जी है। अगर आपको भी ऐसी कोई पोस्ट दिखती है, तो पहले उसे चेक करें और फिर उसे शेयर करें।
पंजाब के रहने वाले थे पिता
आपको बता दें कि ऋषि सुनक का जन्म 1980 में इंग्लैंड के साउथंप्टन में हुआ था। उनके माता-पिता पूर्वी अफ्रीका से ब्रिटेन गए थे, लेकिन वो पंजाब के रहने वाले थे। ऋषि सुनक हिंदू धर्म को मानते हैं। एक बार उन्होंने कहा था कि वो पूरी तरह से ब्रिटिश हैं और ब्रिटेन ही उनका घर है। वो हिंदू धर्म का मानते हैं और इसमें कोई छिपाने वाली बात नहीं है।

Fact Check
दावा
ऋषि सुनक मंत्रियों के ऑफिस में करवा रहे सुंदरकांड का पाठ।
नतीजा
ये दावा फर्जी है।












Click it and Unblock the Notifications