Fact Check: मौलाना के नाम से 'हिन्दू लड़कों को फंसाओ' का फर्जी मैसेज वायरल
Fact Check: मौलाना के नाम से 'हिन्दू लड़कों को फंसाओ' का फर्जी मैसेज वायरल
नई दिल्ली, 20 जुलाई: सोशल मीडिया पर लगातार कई तरह के मैसेज चलते रहते हैं। इनमें कई मैसेज की कोई सच्चाई नहीं होती है लेकिन ये हजारों लोगों तक पहुंच जाते हैं। सोशल मीडिया पर एक ट्वीट का स्क्रीनशॉट खूब वायरल हो रहा है। जो स्क्रीनशॉट शेयर किया जा रहा है, उसमें एक मौलवी मुस्लिम लड़कियों से कह रहे हैं कि वो हिन्दू लड़कों को प्रेमजाल में फसाएं और उनको कहें कि भाजपा को वोट नहीं देना है। ऐसा करने से भाजपा चुनाव हार जाएगी। ये आईडी अंसार अहमद नाम के बरेली के मौलवी की बताई गई है। इस ट्वीट को लेकर जांच करने पर पता चला कि ये पूरी तरह से फर्जी है, ऐसा कोई ट्वीट किसी मौलवी ने नहीं किया है।

वायरल हो रहे इस स्क्रीनशॉट में लिखा है कि बीजेपी के मुख्य वोटर हैं हिंदू लड़के, सभी मुस्लिम लड़कियां अगले छह महीने तक हिन्दू लड़को को प्रेमजाल में फंसा कर शादी करें और फिर कांग्रेस को वोट देने के लिए मनाओं जिससे बीजेपी हार जाएगी। दरअसल, हाल ही में क्रिकेटर शिवम दुबे ने अपनी गर्लफ्रेंड अंजुम खान से शादी की है। अंजुम मुस्लिम हैं, ऐसे में शादी की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनमें से एक में शिवम और अंजुम दुआ करते भी दिखे। इस तस्वीर को कई लोगों ने सोशल मीडिया पर शेयर किया और इसके साथ ही अंसार अहमद के ट्वीच का स्क्रीनशॉट लगा दिया। इसे इस तरह से पेश किया गया कि अंसार नाम के शख्स के कहने पर अंजुम ने शिवम से शादी की है। इसके बाद तो इसे कई लोगों ने शेयर किया। इसे किसी ने जिहाद तो किसी ने कुछ और नाम दे डाला।
जब इसका फैक्ट चेक किया गया तो पाया गया कि कि वायरल ट्वीट फर्जी है। इसे एडिट कर बनाया गया है। इस नाम का कोई अकाउंट ट्विटर पर मौजूद ही नहीं है। स्क्रीनशॉट में जो प्रोफाइल पिक्चर दिख रही है वो तंजीम उलेमा-ए-इस्लाम नाम की एक संस्था के राष्ट्रीय महासचिव मौलाना शहाबुद्दीन रजवी की है और उनकी ओर से ऐसा कोई ट्वीट या अपील नहीं हुई है।

Fact Check
दावा
मौलाना ने मुस्लिम लड़कियों से हिन्दुओं के फंसाने की अपील की
नतीजा
मैसेज पूरी तरह से फर्जी, ऐसा कोई ट्विटर अकाउंट नहीं












Click it and Unblock the Notifications