Fact Check: बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रहे लोगों का वीडियो क्या गुजरात का है? जानें वायरल दावे का सच
fact check news: गुजरात में भारी बारिश के कारण कई इलाकों में बाढ़ आई हुई है। बाढ़ के कारण लोगों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गुजरात बाढ़ से जुड़े कई वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे है।
इस बीच, सोशल मीडिया पर बाढ़ का एक वीडियो सामने आया है। इस वीडियो को शेयर कर ऐसा दावा किया जा रहा है कि गुजरात में मुस्लिम युवक राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं। हालांकि, इस वीडियो का भारत से कोई लेना-देना नहीं है। असल में यह वायरल वीडियो बांग्लादेश का है, जहां पिछले महीने भीषण बाढ़ आई थी।

न्यूज़ एजेंसी पीटीआई फैक्ट चेक के मुताबिक, वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए वीडियो के कई कीफ्रेम निकाले गए और उन्हें गूगल रिवर्स इमेज के जरिए सर्च किया। यह वायरल वीडियो एमएच फहद मोंडोल नामक एक बांग्लादेशी फेसबुक यूजर के अकाउंट पर मिला।
वीडियो को 25 अगस्त 2024 को अपलोड किया गया था। साथ ही, कैप्शन में बंगाली भाषा में दी गई जानकारी के मुताबिक, वायरल वीडियो बांग्लादेश का है और मदरसा छात्र बाढ़ में फंसे लोगों की मदद कर रहे थे। इसके अलावा, यही वीडियो अहलेहादीथ आंदोलन बांग्लादेश नामक यूट्यूब चैनल पर भी मिला।
इसमें बताया गया है कि बांग्लादेश में मदरसा छात्र बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आए और उन्होंने जलभराव में जाकर लोगों की मदद की। बांग्लादेश में विनाशकारी बाढ़ के कारण करीब 60 लोगों की मौत हो गई है, जिससे 11 जिलों के पांच मिलियन से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं।
इस बीच, गुजरात में भी अगस्त के आखिर में भारी बारिश और बाढ़ आई, जिसके कारण करीब 50 लोगों की मौत हो गई और 37,000 से ज़्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा। जांच पड़ताल में इस बात की पुष्टि हुई है कि वायरल वीडियो गुजरात के जामनगर का नहीं बल्कि बांग्लादेश में आई बाढ़ का है।

Fact Check
दावा
दावा किया जा रहा है कि गुजरात में मुस्लिम युवक राहत सामग्री पहुंचा रहे हैं।
नतीजा
जांच पड़ताल में इस बात की पुष्टि हुई है कि वायरल वीडियो गुजरात के जामनगर का नहीं बल्कि बांग्लादेश में आई बाढ़ का है।












Click it and Unblock the Notifications