Fack Check: CM पद की दावेदारी के लिए पीएम मोदी से मिली वसुंधरा? जानें वायरल तस्वीर का सच
राजस्थान विधानसभा के चुनाव परिणाम घोषित हुए 6 दिन हो चुके हैं। अभी तक बीजेपी राज्य में मुख्यमंत्री पद के लिए नाम घोषित नहीं कर पाई है। बीजेपी राजस्थान की नेता वसुंधरा राजे और कई अन्य नेता आलाकमान से लगातार मुलाकात कर रहे हैं।
इसी बीच सोशल मीडिया पर नेताओं की पीएम मोदी और अन्य शीर्ष नेताओं के साथ मुलाकात की तस्वीरें वायरल हो रही हैं। सीएम पद की रेस में सबसे आगे चल रही वसुंधरा राजे की पीएम मोदी के साथ मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।

वायरल हो रही तस्वीरों को लेकर ये दावा है कि वसुंधरा राजे ने हाल ही में पीएम मोदी से मुलाकात की है और राजस्थान के सीएम पद के लिए वसुंधरा राजे का नाम लगभग फाइनल हो गया है। फेसबुक पर 'मान देशी ठाठ' नाम के एक यूजर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राजस्थान की पूर्व सीएम वसुंधरा राजे की मुलाकात का एक फोटो शेयर किया है।
फेसबुक के इस यूजर ने फोटो के साथ कैप्शन में लिखा है, दिल्ली में पीएम नरेन्द्र मोदी से पूर्व सीएम वसुंधरा राजे ने की मुलाकात, कुछ समय बाद लग सकता राजस्थान के मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर, वसुंधरा राजे का सीएम पद के लिए नाम बताया जा रहा लगभग फाइनल- सूत्र।

इसके अलावा एक एक्स यूजर @BeingMR_ ने ट्वीट कर लिखा कि, दोनो के बॉडी लैंग्वेज देखिए। फिर से दोहरा रहा हूं, CM वसुंधरा ही बनेंगी। उनके 42 वफादार विधायकों ने उनके कहे अनुसार इस्तीफा तैयार करके रखा है। या तो मुझे CM बनाओ नहीं एक 42 का इस्तीफा दिला कर मैं चली कांग्रेस।
वायरल हो रही तस्वीर की जब हमने पड़ताल की तो पता चला कि, ये तस्वीर कई साल पुरानी है। गूगल पर रिवर्स सर्च के दौरान हमें पीएमओ इंडिया के ट्विटर अकाउंट पर मिली। जिसे पीएमओ की ओर से 6 जनवरी 2018 को पोस्ट किया गया था। फोटो मेंअंग्रेजी में कैप्शन लिखा है,"राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे जी ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की।
इसके साथ ही हमें वसुंधरा राजे की इसी डेट का एक ट्वीट भी मिला। जिसमें वे पीएम मोदी को गिफ्ट भेंट करती दिख रही है। उन्होंने कैप्शन में लिखा कि, माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से नई दिल्ली में मुलाकात की और उन्हें एक लघु पिछवाई पेंटिंग भेंट की, जो नाथद्वारा, राजस्थान की मूल कला है और जिसमें भगवान श्रीनाथ भगवान कृष्ण की कहानी को दर्शाया गया है।
जब हमने इस डेट की खबरों को खंगाला तो हमें कई न्यूज साइट के लिंक मिले। जिसमें कहा गया था कि, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शनिवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और राज्य से संबंधित महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने उन्हें बाड़मेर तेल रिफाइनरी की आधारशिला रखने के लिए भी आमंत्रित किया। नरेंद्र मोदी 16 जनवरी को समारोह में शामिल होने वाले हैं।
इससे ये साफ हो जाता है कि, सोशल मीडिया पर वायरल दावा एकदम फर्जी है। जो तस्वीर हाल की बताई जा रही है। वह दरअसल 5 साल पहले की है। जब वसुंधरा राजे राजस्थान की सीएम थीं। तस्वीर का दावा गलत है।

Fact Check
दावा
वसुंधरा राजे ने हाल ही में पीएम मोदी से मुलाकात की है और राजस्थान के सीएम पद के लिए वसुंधरा राजे का नाम लगभग फाइनल हो गया है।
नतीजा
सोशल मीडिया पर वायरल दावा एकदम फर्जी है। जो तस्वीर हाल की बताई जा रही है। वह दरअसल 5 साल पहले की है। जब वसुंधरा राजे राजस्थान की सीएम थीं। तस्वीर का दावा गलत है।












Click it and Unblock the Notifications