Fact Check: द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति पद की शपथ से पहले वैदिक परंपराएं निभाईं? जानिए इस दावे का सच
नई दिल्ली, 26 जुलाई: द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। मुर्मू देश की पहली ऐसी राष्ट्रपति हैं, जिन्होंने आजाद भारत में जन्म लिया। उनसे पहले जितने भी राष्ट्रपति रहे उनका जन्म देश की आजादी से पहले हुआ था और वो 64 साल की उम्र में इस पद पर बैठने वाली सबसे युवा राष्ट्रपति हैं। सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति मुर्मू की पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ एक फोटो वायरल हो रही है। जिसमें दावा किया जा रहा है कि, द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति पद की शपथ से पहले वैदिक परंपरा निभाकर पदभार ग्रहण किया।

ट्विटर पर aksharprem2 नाम के यूजर ने राष्ट्रपति मुर्मू और रामनाथ कोविंद की तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा कि, #विरासत सत्ता हस्तांतरण एक यज्ञ है जो महादेव के साक्षित्व में होता है। हस्तांतरण के क्षण, भाव, अंतर्भाव, वातावरण ही इतिहास लिखते हैं। राष्ट्रपति पद का हस्तांतरण देखिए। राजनैतिक औपचारिकताएं होती रहेंगी, वैदिक प्रतिबद्धता प्रथमतः हो रही है। #राष्ट्र के लिये शुभ परंपरा।
वायरल हो रही तस्वीर की वनइंडिया ने जांच की तो पाया कि दावा भ्रामक है। यह तस्वीर 2020 में झारखंड के देवघर में ली गई थी, जब पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आधिकारिक यात्रा पर थे। द्रौपदी मुर्मू झारखंड की तत्कालीन राज्यपाल थीं। वायरल फोटो का सच जानने के लिए हमने इसे गूगल पर रिवर्स सर्च किया। सर्च रिजल्ट में हमें ये फोटो कई बेवसाइट पर मिली। राम नाथ कोविंद 29 फरवरी और 1 मार्च को दो दिवसीय यात्रा पर झारखंड में थे। रिपोर्टों के अनुसार, उनके गंतव्यों में रांची, देवघर और गुमला शामिल थे।
इस रिपोर्ट्स के मुताबिक, 29 फरवरी 2020 की ये फोटो झारखंड के देवघर जिले में स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम की है। जहां पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने झारखंड की तत्कालीन राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू के साथ पूजा-अर्चना की थी। साफ है कि सोशल मीडिया पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की फोटो के साथ किया जा रहा दावा गलत है। ये फोटो अभी की नहीं बल्कि 29 फरवरी 2020 की है।

Fact Check
दावा
द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति पद की शपथ से पहले वैदिक परंपरा निभाकर पदभार ग्रहण किया।
नतीजा
वनइंडिया ने जांच की तो पाया कि दावा भ्रामक है। यह तस्वीर 2020 में झारखंड के देवघर में ली गई थी, जब पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आधिकारिक यात्रा पर थे। द्रौपदी मुर्मू झारखंड की तत्कालीन राज्यपाल थीं।












Click it and Unblock the Notifications