Fact Check: क्या BJP रैली में महिला नेता संग हुई छेड़खानी? जानिए पूरा मामला
भारत में लोकसभा चुनाव को लेकर सभी दल प्रचार प्रसार में व्यस्त हैं। 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग है। 4 जून को लोकसभा चुनावों के परिणाम आएंगे। इसी क्रम में एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि बीजेपी की एक चुनावी रैली में एक महिला कार्यकर्ता संग छेड़छाड़ की घटना हुई है।
दावा किया जा रहा है कि बीजेपी महिला कार्यकर्ता के साथ पार्टी के ही साथी कार्यकर्ताओं ने छेड़छाड़ की है। हालांकि हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो बीजेपी से जुड़ा हुआ नहीं है। आईये जानते हैं कि ये वीडियो कब का है और कैसे इसका कनेक्शन भारत नहीं बल्कि पाकिस्तान से है।

दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पुनीत नाम के एक यूजर ने 29 अक्टूबर 2023 को एक वीडियो शेयर किया है। इसमें दिख रहा है कि पिंक ड्रेस में एक महिला नेता के निजी अंग पर एक अन्य शख्स अपने हाथ रख देता है। इस वीडियो के बैकग्राउंड में जय श्री राम का नारा सुनाई दे रहा है।
वीडियो का कैप्शन है- लगा के नारा जयश्रीराम का, ढ़ोल पीटेंगे बीजेपी वाले महिला सम्मान का.. शर्मनाक। वनइंडिया फैक्ट चेक टीम ने पाया कि ये वीडियो साल 2007 का है। वीडियो में 'जय श्री राम' के नारे एडिटिंग के जरिये अलग से जोड़े गए हैं। असली वीडियो में ये नारे नहीं हैं।
इसके अलावा यूजर @Unmai_Kasakkum ने 5 अप्रैल को यही वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो के कैप्शन में तमिल में लिखा है, "भाजपा के सदस्य जो महिलाओं और यहां तक कि अपनी ही पार्टी की महिलाओं का यौन उत्पीड़न करते हैं। भाजपा को हमेशा भारत की बेटियों को छेड़ने करने में मजा आता है। भारत की बेटियों को बचाने के लिए हमें भाजपा को खत्म करना होगा।" (गूगल ट्रांसलेट की मदद हमने ये अनुवाद किया है।)
जब हमने इस वीडियो की पड़ताल शुरू की तो ऊपर दिख रही @Unmai_Kasakkum द्वारा शेयर की गई वीडियो के ही नीचे कमेंट बॉक्स में एक यूजर ने इसी वीडियो से संबंधित एक और स्क्रीन रिकॉर्डिंग शेयर की थी। इसमें दिख रहा है कि यूट्यूब पर यही वीडियो एक दूसरे टाइटल से अपलोड किया गया है। कमेंट बॉक्स में शेयर की गई वीडियो के टाइटल में लिखा है- "Yousuf Raza Gilani touching breast of Sherry Rehman ppp Rally"
इसके बाद वन इंडिया फैक्टचेक टीम ने दावे की पड़ताल के लिए वायरल वीडियो के कीफ्रेम को गूगल पर रिवर्स इमेज सर्च किया। हमें यूट्यूब पर 16 मई 2007 को शेयर किया गया एक वीडियो मिला। वीडियो के दृश्य वायरल वीडियो से मेल खाते हैं। हम स्पष्ट रूप से वीडियो के स्थान और समय की पुष्टि तो नहीं कर पाए लेकिन यह साफ है कि वीडियो 2007 से पहले का है और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) से संबंधित नहीं है।
आपको बता दें कि पीपीपी का पूरा नाम पाकिस्तान पीपल्स पार्टी है। यह पाकिस्तान का एक प्रमुख राजनीतिक दल है। वीडियो में दिख रहे दोनों नेता शेरी रहमान और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी पार्टी के सदस्य हैं और एक रैली में दिखाई दे रहे हैं। शेरी रहमान जलवायु से जुड़े कामों के लिए जानी जाती हैं। पिछले साल टाइम पत्रिका ने शेरी रहमान को टॉप 100 लोगों में जगह दी थी।

Fact Check
दावा
वीडियो को लेकर किया जा रहा दावा गलत है।
नतीजा
वायरल वीडियो भाजपा से संबंधित नहीं है।












Click it and Unblock the Notifications