Fact Check: क्या हिमाचल और गुजरात में बीजेपी ने ईवीएम हैक करके जीता चुनाव? सरकार ने दी सफाई
गुजरात (Gujarat) और हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में विधानसभा के चुनाव होने वाले हैं। जिस वजह से वहां पर सारे राजनीतिक दल सक्रिय हैं। इस बीच बहुत से लोग सोशल मीडिया पर चुनाव से जुड़ी अफवाहें भी फैला रहें। इससे जुड़ा एक पोस्ट भी तेजी से वायरल हो रहा, जिसकी सच्चाई जाने बिना लोग उसे तेजी से फॉर्वर्ड कर रहे हैं।

वायरल पोस्ट में एक अखबार की कटिंग शेयर की गई है। जिसमें लिखा है कि हिमाचल और गुजरात के चुनाव बीजेपी ने ईवीएम हैक करके जीते हैं। इसमें बकायदा पूर्व चुनाव आयुक्त टी. एस. कृष्णमूर्ति की फोटो भी छपी है। वायरल पोस्ट में दावा किया गया कि बीजेपी ने चुनाव आयोग में सेटिंग करके ईवीएम में गड़बड़ी कर दी थी। इस वजह से सारे वोट उसके पास चले गए।
अब भारत सरकार के पीआईबी ने इस पोस्ट का फैक्ट चेक किया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि एक ट्वीट में दावा किया जा रहा है कि गुजरात और हिमाचल प्रदेश का चुनाव ईवीएम हैकिंग से जीता गया था। ये दावा पूरी तरह से गलत है। ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। ईवीएम को हैक नहीं किया जा सकता है।
कई बार सफाई दे चुका है आयोग
कई सालों से ईवीएम में गड़बड़ी का मुद्दा उठता रहा है। ऐसे में वक्त-वक्त पर चुनाव आयोग इससे जुड़ी गलतफहमियां दूर करता रहता है। एक बार ईवीएम की हैकिंग के लिए आयोग ने राजनीतिक दलों, इंजीनियर्स को चैलेंज भी दिया था, लेकिन कोई छेड़छाड़ उससे नहीं हो सकी।
इस साल के अंत में हैं चुनाव
आपको बता दें कि इस साल के अंत में गुजरात और हिमाचल में विधानसभा के चुनाव होने हैं। दोनों जगहों पर ही बीजेपी की सरकार है। चुनावी मौसम आते ही राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं ने चुनावी राज्यों में मोर्चा संभाल लिया है। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाहों का दौर भी जारी है। ऐसे में आप किसी भी पोस्ट को शेयर करने से पहले उसे क्रास चेक जरूर कर लें।

Fact Check
दावा
वायरल पोस्ट में दावा किया जा रहा है कि हिमाचल और गुजरात में बीजेपी ने ईवीएम हैक करके चुनाव जीता है।
नतीजा
यह खबर पूरी तरह से फेक है।












Click it and Unblock the Notifications