Fact Check: क्या सच में अतीक अहमद की कब्र पर गए थे अखिलेश-डिंपल? जानें वायरल दावों का सच
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब शेयर की जा रही है। तस्वीर में अखिलेश और डिंपल एक कब्र के ऊपर फूल चढ़ाते नजर आ रहे हैं।
इस फोटो को शेयर करने वाले यूजर का यह दावा है कि तस्वीर में दोनों मारे गए गैंगस्टर अतीक अहमद और अशरफ अहमद के दफन स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। बता दें, अतीक और अशरफ की उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस हिरासत में हत्या कर दी गई थी।

इस फोटो पर कुछ यूजर्स ने कमेंट करते हुए अखिलेश और डिंपल यादव को अतीक-अशरफ अहमद का 'बेटा' और 'बहू' बताया है। इस फोटो को लेकर किए जा रहे दावों पर लगातार सवाल उठ रहे थे। जब इसकी पड़ताल की गई तो तस्वीर के पीछे का सच कुछ और ही निकला।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल यह तस्वीर काफी पुरानी है और फोटो में नजर आ रही कब्र भी अतीक और अशरफ अहमद की नहीं हैं।
फैक्ट चेक
संबंधित फोटो पर रिवर्स इमेज सर्च करने पर पता चला कि तस्वीर साल 2022 की है। द मोरुंग एक्सप्रेस नामक एक आउटलेट की एक रिपोर्ट के अनुसार फोटो में अखिलेश और डिंपल अखिलेश यादव के पिता और समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रमुख दिवंगत मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दे रहे थे।
डिंपल यादव के मैनपुरी विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले दंपति ने दिवंगत राजनेता के विश्राम स्थल का दौरा किया था। द मोरुंग एक्सप्रेस में ये रिपोर्ट इस तस्वीर के साथ 14 नवंबर, 2022 को प्रकाशित हुई थी।
सर्च के दौरान यही तस्वीर न्यूज 18 की एक समाचार रिपोर्ट में मिली। रिपोर्ट के शीर्षक में बताया गया है, "मैनपुरी उपचुनाव: मुलायम सिंह की समाधि बनी राजनीति का अखाड़ा, बहू और शिष्य आमने-सामने।" रिपोर्ट 17 नवंबर, 2022 को प्रकाशित हुई थी।
इस रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि मैनपुरी उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने से पहले, डिंपल यादव अपने पति के साथ अपने दिवंगत ससुर मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देने गई थीं।
हमें डिंपल यादव द्वारा 14 नवंबर, 2022 को एक्स पर साझा की गई यह तस्वीर भी मिली। अब वायरल हो रही तस्वीर को साझा करते हुए उन्होंने लिखा था, "नेताजी को सादर नमन के साथ, हम आज का नामांकन उनके सिद्धांतों और मूल्यों को समर्पित कर रहे हैं। नेताजी का आशीर्वाद हम सबके साथ हमेशा रहा है, हमेशा रहेगा।"
क्या किया जा रहा था दावा?
एक्स पर एक यूजर, मनोज श्रीवास्तव ने 3 मार्च को अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव की इस फोटो को शेयर करते हुए लिखा था, "अतीक अहमद और अशरफ की कब्र पर जो मुठभेड़ में मारे गए थे, उनके बेटे और बहू अखिलेश और डिंपल यादव।"




इस ट्वीट को 1 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका था और 700 से ज्यादा बार रीट्वीट किया गया था। इसी तरह के कैप्सन के साथ इस तस्वीर को लगातार शेयर किया जा रहा था।
क्या हुई कार्रवाई?
पुलिस ने कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और उनकी पत्नी डिंपल यादव को मारे गए गैंगस्टर अतीक अहमद की कब्र पर श्रद्धांजलि देते हुए कथित रूप से छेड़छाड़ की गई तस्वीर पोस्ट करने के आरोप में बुधवार को एक व्यक्ति पर मामला दर्ज किया गया।
कर्नलगंज के एएसपी, राजीव यादव ने कहा कि जॉर्जटाउन पुलिस स्टेशन में मनोज श्रीवास्तव नाम के एक व्यक्ति के खिलाफ आईपीसी की धारा 504 (शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमान) और आईपीसी की धारा 67 (आईटी एक्ट)के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यह मामला स्थानीय सपा नेता संदीप यादव की शिकायत पर दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि मूल तस्वीर सपा प्रमुख और उनकी पत्नी की उनके पिता मुलायम सिंह यादव की 'समाधि' पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए थी, लेकिन श्रीवास्तव ने इस जोड़े को गैंगस्टर से नेता बने अतीक अहमद की कब्र पर दिखाने के लिए छेड़छाड़ की।
संदीप यादव ने यह भी आरोप लगाया कि श्रीवास्तव लगातार अखिलेश यादव और डिंपल यादव के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करते रहे हैं।

Fact Check
दावा
अखिलेश यादव और डिंपल यादव अतीक अहमद की कब्र पर फूल चढ़ाने गए।
नतीजा
फोटो पुरानी थी। 2022 में अखिलेश और डिंपल, मुलायम सिंह यादव की समाधी पर फूल चढ़ा रहे थे।












Click it and Unblock the Notifications