Fact Check: एयर इंडिया की फ्लाइट्स में वरिष्ठ नागरिकों को 50 फीसदी छूट, क्या है इस दावे की सच्चाई?
Air India news: सोशल मीडिया पर अक्सर कुछ ऐसी फर्जी खबरें वायरल होती हैं, जिनपर यूजर्स आसानी से यकीन कर लेते हैं। हालांकि, जब इन खबरों की पड़ताल होती है, तो सच्चाई कुछ और निकलती है।
इन दिनों वॉटसऐप पर एक ऐसा ही दावा वायरल हो रहा है, जिसमें कहा जा रहा है कि एयर इंडिया की फ्लाइट्स में वरिष्ठ नागरिकों को टिकट पर 50 फीसदी की छूट मिलेगी।

वॉटसऐप पर वायरल मैसेज में क्या लिखा है?
हालांकि ये दावा एक साल पहले भी वायरल हुआ था, लेकिन एक बार फिर से यही दावा वॉटसऐप पर फॉरवर्ड हो रहा है। वॉटसऐप पर फॉरवर्ड हो रहे इस मैसेज में कहा जा रहा है, 'सभी वरिष्ठ नागरिकों को बधाई...एयर इंडिया ने 60 साल से ऊपर के सभी वरिष्ठ नागरिकों के लिए भारत में कहीं भी यात्रा करने पर टिकटों पर 50 फीसदी छूट तय की है। कृपया अपने परिवार और दोस्तों तक ये मैसेज पहुंचाएं, ताकि उनके वरिष्ठ जनों को इसका फायदा मिल सके।'
क्या है इस दावे की सच्चाई?
तो आखिर क्या है इस मैसेज का सच? क्या वाकई एयर इंडिया की फ्लाइट्स में ऐसी छूट मिल रही है? दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा ये मैसेज भ्रामक है और इसकी सच्चाई कुछ और है। इस दावे की जब पड़ताल की गई तो पता चला कि एयर इंडिया अपनी डोमेस्टिक फ्लाइट्स में वरिष्ठ नागरिकों को इकॉनोमी क्लास में चुनिंदा बुकिंग श्रेणियों में बेसिक किराए में 25 फीसदी की छूट देता है।
फरवरी 2023 में छपी पीटीआई की खबर के मुताबिक, टाटा ग्रुप ने जनवरी 2022 में एयर इंडिया को टेकओवर किया था। टेकओवर के बाद टाटा ग्रुप ने सितंबर 2022 में वरिष्ठ नागरिक के लिए मिलने वाली छूट को 50 फीसदी से घटाकर 25 फीसदी कर दिया। ये छूट भी इकॉनोमी क्लास में चुनिंदा बुकिंग श्रेणियों के लिए है। तो वरिष्ठ नागरिकों को लेकर टिकट पर 50 फीसदी छूट का ये दावा भ्रामक है।

Fact Check
दावा
सोशल मीडिया पर वायरल दावे में कहा जा रहा है कि एयर इंडिया की डोमेस्टिक फ्लाइट्स में वरिष्ठ नागरिकों को किराए में 50 फीसदी की छूट मिलती है।
नतीजा
एयर इंडिया की फ्लाइट्स में वरिष्ठ नागरिकों के लिए किराए में 50 फीसदी की छूट का दावा भ्रामक है।












Click it and Unblock the Notifications