आखिर हिंसा से नहीं बच सका मेरठ

जमात दल के लोग कुछ फल आदि लेने के लिए रुके थे। खोखे मालिक ने ट्रेक्टर को खोखे सामने खड़ा करने पर ऐतराज जताया। खोखे मालिक और जमात दल के लोगों में तू-तू में-में हो गयी,, जो बढ़ते-बढ़ते मारपीट में बदल गयी। जमात दल के लोग गम्भीर रुप से घायल हो गए। खबर सिंघावली गांव पहुंची,, जो घटनास्थल से मात्र चार-पांच किलोमीटर दूरी पर है। गांव वालों ने रोहटा रोड पर जाम लगाकर नारेबाजी शुरु कर दी। थोड़ी ही देर में यह खबर मेरठ में फैल गयी। यहीं से मेरठ को साम्प्रदायिक हिंसा में धकेलने साजिश भी बुनी गयी।
बिगड़ते चले गए हालात
लोकसभा चुनाव में बुरी तरह हारे पूर्व सांसद के समर्थकों ने अस्पताल के बाहर जमकर नारेबाजी और पथराव किया। देखते ही देखते नारेबाजी और पथराव शहर के घंटाघर, जली कोठी और ईदगाह चौराहे पर होने लगा, यहां यह बताना जरुरी है कि इन सब इलाकों में पूर्व सांसद के समर्थकों की बहुतयात है। पुलिस फोर्स की तमाम कोशिशों के बाद भी दंगाई दंगा करने से बाज नहीं आए। पुलिस ने लाठीचार्ज करके दंगाईयों को खदेड़ दिया।
एक बार ऐसा लगा कि मामला शांत हो गया है। लेकिन शायद कुछ लोग शहर में आग लगाने का प्रण लिए हुए थे। रात दस बजे के करीब शहर के संवेदनशील क्षेत्र भूमिया के पुल पर हंगामा शुरु हो गया। कई मोटर साइकिल जला दी गयीं। एक टेलर की दुकान को आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस पर पथराव किया गया। पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे। हवाई फायरिंग भी की। मामला शांत नहीं हुआ तो देर रात शहर के चार थाना क्षेत्रों, लिसाड़ी गेट, देहली गेट, कोतवाली और ब्रहपुरी में शुक्रवार तक के लिए कर्फ्यू नाफिज कर दिया गया। गनीमत यह रही कि कोई जान नहीं गयी।
हिंसा के पीछे वजह
पिछले एक महीने से कमेला प्रकरण जोर-शोर से चल रहा था। भाजपा कमेले का साम्प्रदायिकरण करने पर उतारु थी। उसकी मांग थी कि कमेला बंद किया जाए। जबकि कुरैशी बिरादरी का कहना था कि कमेला उनकी रोजी-रोटी है। यह बन्द नहीं हो सकता। मानवाधिकार आयोग ने मेरठ प्रशासन को कमेला हर हालत में बंद करने के निर्देश दे रखे थे।
इसी परिप्रेक्ष्य में प्रशासन ने कमेले की उन भट्टियों को तोड़ दिया था, जिनमें हड्डियों को पकाया जाता था और जिससे कमेले का आसपास का इलाका दुर्गन्ध और धुएं से बेहाल रहता है। मुसलमान भी कमेले के खिलाफ लामबंद होने लगे थे। हालांकि मीट व्यापारियों ने कमेले को मुसलमानों से जोड़ने के लिए शहर काजी का इस्तेमाल किया। शहर काजी ने कमेले को मुसलमानों की इज्जत बताकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोला। लेंकिन शहर के मुसलमानों ने शहर काजी की बात से नाइत्तेफाकी जाहिर करके कहा कि कमेला मुसलमानों के लिए अजाब से कम नहीं है।
राजनीति ने बिगाड़ी फिज़ा
एक तरफ मेरठ की राजनीति बेदखल होने की बौखलाहट और दूसरी तरफ व्यापार पर चोट होते देख मीट व्यापार से जुड़े कुछ लोगों को मेरठ की एक छोटी से घटना ने शहर की फिजा बिगाड़ने का मौका दे दिया। उन्होंने शहर में बवाल करके मेरठ के मुसलमानों को एक संदेश तो ये देना चाहा कि हम राजनीति से बेदखल होंगे तो उनकी सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। दूसरी और बवाल से मुसलमानों को अपनी ओर करने की कोशिश की, जिससे कमेला मुद्दा केवल मीट व्यापारियों का न रहकर सभी मुसलमानों का बन जाए। लेकिन शहर के मुसलमानों ने बवाल को खुद से अलग रखा। वे समझ रहे थे कि मीट व्यापारी क्या चाहते हैं। लोगों ने देखा कि बवाल में कुछ ऐसे लोग शामिल थे, जो किसी न किसी रुप से मीट व्यापार से जुड़े हैं।
तारीफ करनी होगी मेरठ के हिन्दु और मुसलमानों की कि उन्होंने संकट की इस घड़ी में अपना संयम नहीं खोया। कर्फ्यू लगा हुआ है, स्थिति काबू में है। तनाव नहीं है। शहर के दूसरे हिस्सों में जिन्दगी सामान्य रुप से चल रही है।
[सलीम सिद्दीकी पेशे से पत्रकार और शौकिया ब्लागर हैं, भारतीय राजनीति तथा मुसलिम मुद्दों पर सशक्त टिप्पणियों के लिए जाने जाते हैं।]












Click it and Unblock the Notifications