Daayra Movie Review: कानून, समाज और दर्द के बीच का टकराव दिखाती है 'दायरा', देखने से पहले पढ़ें रिव्यू
फिल्म: दायरा (Daayra)
स्टारकास्ट: करीना कपूर खान, पृथ्वीराज सुकुमारन, क्षीति जोग
डायरेक्टर: मेघना गुलजार
रनटाइम: 2 घंटे 33 मिनट
रेटिंग: 3 (***)
Daayra Movie Review: क्या किसी जघन्य अपराध के आरोपी को कानून के मुताबिक सजा मिलने का इंतजार किया जाना चाहिए या फिर तुरंत दिया गया बदला भी न्याय का एक रास्ता हो सकता है? साल 2019 में हैदराबाद में हुए चर्चित एनकाउंटर के बाद देश में इस सवाल पर लंबी बहस देखने को मिली थी। मेघना गुलजार की 'दायरा' मूवी इसी बहस को एक काल्पनिक कहानी के जरिए पर्दे पर लाती है। ये फिल्म कानून, पुलिस की जवाबदेही, पीड़ित परिवार के दर्द और समाज में मौजूद बदले की भावना के बीच की जटिल स्थिति को समझने की कोशिश करती है।

क्या है फिल्म 'दायरा' की कहानी?
-इस फिल्म की कहानी एक युवा लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसका किरदार प्रगति मिश्रा ने निभाया है। वो अपनी मां और भाई कबीर के साथ रहती है। एक रात भाई का चश्मा लेकर लौटते वक्त उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म होता है और इसके बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी जाती है। इस घटना से पूरा शहर सदमे में आ जाता है।
-मामला तूल पकड़ता है और पुलिस पर आरोपियों को जल्द पकड़ने का दबाव बढ़ने लगता है। जांच के बाद पुलिस चार संदिग्धों को गिरफ्तार करती है। चारों से पूछताछ होती है और वो अपराध कबूल कर लेते हैं लेकिन कहानी यहां खत्म नहीं होती। कुछ समय बाद चारों आरोपियों की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो जाती है।
एनकाउंटर के बाद कहानी में आता है बड़ा ट्विस्ट
-एनकाउंटर की खबर सामने आते ही जनता का एक बड़ा वर्ग पुलिस की कार्रवाई को तत्काल न्याय के तौर पर देखता है। पीड़ित परिवार को भी लगता है कि उनकी बेटी के साथ हुई दरिंदगी का जवाब मिल गया लेकिन इसी बीच मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन होता है।
-डीसीपी अजूनी कोहली का किरदार निभा रहीं करीना कपूर खान को एनकाउंटर की कहानी पर संदेह होता है। उन्हें शक है कि ये कोई अचानक हुई मुठभेड़ नहीं थी बल्कि डीसीपी रमन कुमार और उनकी टीम ने एक सोची-समझी कार्रवाई के तहत आरोपियों को मार गिराया।
-इसके बाद फिल्म का असली संघर्ष शुरू होता है। एक तरफ कानून की प्रक्रिया और पुलिस की जवाबदेही है, तो दूसरी ओर पीड़ित परिवार का दर्द और समाज की वह सोच है, जो ऐसे अपराधों के लिए तुरंत और कठोर सजा चाहती है।
कैसी है फिल्म 'दायरा'?
-'दायरा' मूवी का फर्स्ट हाफ फिल्म की सबसे मजबूत कड़ी है। शुरुआती कहानी तेजी से आगे बढ़ती है और जांच के साथ-साथ दर्शकों को लगातार बांधे रखती है। रेप पीड़िता के परिवार को एफआईआर दर्ज कराने से लेकर आगे की कार्रवाई तक जिन परेशानियों का सामना करना पड़ता है, उसे फिल्म काफी संवेदनशीलता के साथ दिखाती है।
-मेघना गुलजार का रियलिस्टिक ट्रीटमेंट यहां खास तौर पर असर करता है। फिल्म किसी घटना को सिर्फ सनसनी के तौर पर पेश करने के बजाय उसके सामाजिक और मानवीय पहलुओं पर ध्यान देती है।
-हालांकि इंटरवल के बाद कहानी का फोकस न्याय की दो अलग-अलग धारणाओं के बीच बहस पर ज्यादा हो जाता है। यहीं फिल्म की रफ्तार कुछ कमजोर पड़ती है। करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन के किरदारों के बीच वैचारिक टकराव फिल्म का सबसे अहम हिस्सा हो सकता था लेकिन स्क्रीनप्ले उसे उस स्तर की गहराई नहीं दे पाता।
-जुवेनाइल जस्टिस जैसे संवेदनशील मुद्दे को भी कहानी छूती है लेकिन उस पर विस्तार से बात नहीं करती। यही वजह है कि क्लाइमैक्स तक पहुंचते हुए लगता है कि फिल्म ने जिस बड़े सवाल को शुरुआत में मजबूती से खड़ा किया था, उसका असर थोड़ा और गहरा हो सकता था।
फिल्म की स्टारकास्ट और उनका दमदार अभिनय
-पृथ्वीराज सुकुमारन डीसीपी रमन कुमार के किरदार में काफी प्रभावी नजर आते हैं। एक सख्त और तेज-तर्रार पुलिस अधिकारी के रूप में उनकी बॉडी लैंग्वेज और डायलॉग अदायगी किरदार को वजन देती है। खास बात ये है कि वह अपने किरदार की सोच को पूरी तरह पर्दे पर उतारने में सफल रहते हैं। अपराधियों को उनके किए की सजा देने की उनकी बेचैनी और भीतर का गुस्सा कई सीन्स में साफ महसूस होता है।
-करीना कपूर खान डीसीपी अजूनी कोहली की भूमिका में सहज नजर आती हैं। उन्होंने अपने किरदार को बिना जरूरत के नाटकीय नहीं बनाया है। हालांकि समस्या उनकी अदाकारी से ज्यादा स्क्रीनप्ले की है। उनका किरदार कहानी में एक बेहद जरूरी वैचारिक पक्ष का प्रतिनिधित्व करता है लेकिन उसे पर्याप्त बैकग्राउंड और डेप्थ नहीं मिलती। अगर करीना और पृथ्वीराज के किरदारों के बीच बहस और टकराव को थोड़ा ज्यादा विस्तार दिया जाता, तो फिल्म का केंद्रीय मुद्दा और असरदार हो सकता था।
-जितेंद्र जोशी और तृप्ति खामकर अपने अभिनय से प्रभावित करते हैं। क्षिति जोग ने पीड़ित लड़की की मां के किरदार में खास छाप छोड़ी है। बेटी को खोने के बाद एक मां के भीतर का टूटना, गुस्सा और बेबसी उनके अभिनय में नजर आती है। फिल्म के बाकी कलाकार भी कहानी के माहौल और अपने किरदारों के अनुरूप अच्छा काम करते हैं।
क्यों देखें 'दायरा'?
'दायरा' कोई आसान जवाब देने वाली फिल्म नहीं है। ये दर्शक को कानून, न्याय और बदले के बीच मौजूद अंतर पर सोचने के लिए मजबूर करती है। फिल्म का पहला भाग खास तौर पर प्रभावशाली है और कलाकारों की परफॉर्मेंस भी इसकी ताकत है। हालांकि दूसरे हिस्से में स्क्रीनप्ले की पकड़ थोड़ी कमजोर होती है। अगर आप करीना कपूर खान, पृथ्वीराज सुकुमारन और मेघना गुलजार की फिल्मों के प्रशंसक हैं और गंभीर सामाजिक मुद्दों पर बनी फिल्में देखना पसंद करते हैं, तो 'दायरा' आपके लिए एक अच्छा विकल्प साबित हो सकता है।


Click it and Unblock the Notifications
