UP Board: 10वीं-12वीं के स्टूडेंट्स के लिए बड़ा अपडेट, UPMSP ने बढ़ाई कॉपी चेकिंग की लास्ट डेट, कब आएगा रिजल्ट?
UP Board Result 2026 Update: बोर्ड परीक्षा के बाद यूपी के 10वीं और 12वीं के छात्र बेसब्री से रिजल्ट का इंतजार कर रहे हैं। इसी बीच उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के स्टूडेंट्स के लिए एक बड़ा अपडेट जारी किया है। बोर्ड ने त्योहारों को देखते हुए कॉपियों के जांच की समय सीमा को बढ़ा दिया है।
पहले बोर्ड ने कॉपियों की जांच पूरी करने की समय सीमा 1 अप्रैल रखी थी। अब बोर्ड ने इसे बढ़ाकर 4 अप्रैल 2026 कर दिया है। ईद और रामनवमी जैसी सार्वजनिक छुट्टियों के कारण मूल्यांकन प्रक्रिया में आए बदलाव की वजह से यह फैसला लिया गया है। कॉपियों की जांच पूरी होने के बाद बोर्ड कभी भी रिजल्ट की आधिकारिक तारीख और समय (UP Result Date and Time) का ऐलान कर सकता है।

यूपी बोर्ड के नतीजे कब जारी होंगे?
यूपी बोर्ड के पिछले सालों के रिजल्ट पैटर्न को देखें तो परीक्षा खत्म होने के 15 से 20 दिनों के अंदर कॉपियों की जांच पूरी कर ली जाती थी। इसके बाद डेटा फीडिंग और टॉपर्स के वेरिफिकेशन में लगभग दो सप्ताह का अतिरिक्त समय और लगता है।
ये भी पढ़ें: RBSE Topper: रिजल्ट से 10 दिन पहले थम गईं निकिता की सांसें, 12वीं की मार्कशीट में चमकता रह गया 93.88%
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार अगर इस साल सब कुछ निर्धारित समय पर रहा, तो यूपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट 15 से 25 अप्रैल 2026 के बीच जारी किया जा सकता है। बीते साल, 2025 में यूपी बोर्ड के रिजल्ट 25 अप्रैल को जारी हुए थे। बोर्ड इस बार प्रक्रिया को और भी तेज करने की कोशिश की कर रही है। ऐसे में उम्मीद है कि परिणाम 25 अप्रैल से पहले जारी हो जाए।
UP Board: कितने स्टूडेंट्स ने दिया 10वीं-12वीं का एग्जाम?
इस साल यूपी बोर्ड परीक्षा में 52 लाख से अधिक परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनमें लगभग 27.5 लाख स्टूडेंट हाईस्कूल और 24.5 लाख छात्र इंटरमीडिएट के थे। कॉपियों की जांच का काम 18 मार्च से प्रदेश के अलग-अलग केंद्रों पर शुरू हुआ था। इस बार बोर्ड ने कॉपियों की जांच में 'स्टेप मार्किंग' सिस्टम लागू किया है। इस सिस्टम के लागू होने से छात्रों को सही स्टेप्स और फॉर्मूले पर भी अंक मिलेंगे। इससे स्टूडेंट्स के ओवरऑल नंबर पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।
UP Board Result 2026: किन वेबसाइट्स पर देख सकेंगे अपना स्कोर
रिजल्ट जारी होने के बाद छात्र निम्नलिखित आधिकारिक पोर्टल्स पर जाकर अपना परिणाम चेक कर सकेंगे-
- upmsp.edu.in
- upresults.nic.in
- results.upmsp.edu.in
इसके अलावा स्टूडेंट्स SMS, DigiLocker और UMANG ऐप के माध्यम से भी अपनी डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं। बोर्ड रिजल्ट के साथ-साथ राज्य और जिला स्तर की टॉपर्स लिस्ट और पास प्रतिशत के आंकड़े भी जारी किए जाएंगे।
UP Board Marksheet: 16 सिक्योरिटी फीचर्स वाली 'हाईटेक' मार्कशीट
इस साल यूपी बोर्ड की मार्कशीट में एक बड़ा बदलाव भी देखने को मिलने वाला है। बोर्ड इस बार मार्कशीट 16 विशेष सिक्योरिटी फीचर्स के साथ जारी करेगा। यह मार्कशीट रेनबो प्रिंटिंग और विशेष वॉटरमार्क से लैस होगी। इसकी वजह से मार्कशीट को आसानी से फाड़ा नहीं जा सकेगा। इन नए फीचर्स का मुख्य उद्देश्य फर्जीवाड़े को रोकना और मार्कशीट की विश्वसनीयता बनाए रखना है। हालांकि, छात्रों को ओरिजिनल मार्कशीट रिजल्ट के कुछ समय बाद उनके स्कूल से ही मिलेंगे।












Click it and Unblock the Notifications