खो गया या खराब हो गया स्कोरकार्ड? क्या है NTA से डुप्लीकेट मार्कशीट पाने का स्टेप-बाय-स्टेप तरीका?
NTA Duplicate Scorecard: परीक्षा का रिजल्ट या स्कोरकार्ड छात्रों के लिए बेहद जरूरी दस्तावेज होता है। एडमिशन, काउंसलिंग, आगे की पढ़ाई और कई बार नौकरी से जुड़े कामों में भी इसकी जरूरत पड़ती है। ऐसे में अगर स्कोरकार्ड खो जाए, चोरी हो जाए या किसी वजह से खराब हो जाए तो परेशानी बढ़ सकती है। अब ऐसे छात्रों के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने डुप्लीकेट स्कोरकार्ड जारी करने की तय प्रक्रिया शुरू की है।
NTA ने 17 सितंबर 2026 को इस बारे में पब्लिक नोटिस जारी किया है। इसमें बताया गया है कि जरूरत पड़ने पर उम्मीदवार अपने पुराने परीक्षा रिकॉर्ड के आधार पर डुप्लीकेट स्कोरकार्ड के लिए आवेदन कर सकते हैं।

सबसे पहले DigiLocker चेक करें
अगर आपका स्कोरकार्ड नहीं मिल रहा है तो सबसे पहले अपना DigiLocker अकाउंट चेक करें। NTA के नए नियम उन रिकॉर्ड पर लागू होते हैं जो DigiLocker पर उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में पहले यह देख लेना जरूरी है कि आपका स्कोरकार्ड वहां पहले से मौजूद तो नहीं है। अगर स्कोरकार्ड DigiLocker पर मिल जाता है तो उसे वहीं से डाउनलोड किया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: 'सिर्फ रिपोर्ट में सुधार लिखना काफी नहीं', सुप्रीम कोर्ट ने NTA को दी चेतावनी, DoPT से मांगा हलफनामा!
Annexure-I फॉर्म भरना होगा
अगर स्कोरकार्ड DigiLocker पर उपलब्ध नहीं है, तो NTA की वेबसाइट से डुप्लीकेट स्कोरकार्ड के लिए दिया गया Annexure-I फॉर्म डाउनलोड करना होगा। फॉर्म में मांगी गई जानकारी सही तरीके से भरनी होगी। NTA ने इसके लिए अलग प्रक्रिया तय की है और उसी के अनुसार आवेदन स्वीकार किया जाएगा।
ईमेल या डाक से भेज सकते हैं आवेदन
फॉर्म भरने के बाद जरूरी दस्तावेजों के साथ आवेदन जमा करना होगा। NTA की सूचना के मुताबिक, ऑनलाइन पोर्टल शुरू होने तक आवेदन रजिस्टर्ड पोस्ट या स्पीड पोस्ट से भेजा जा सकता है। स्कैन किए गए सभी दस्तावेज एक PDF में लगाकर [email protected] पर ईमेल भी किया जा सकता है। ईमेल के बाद दस्तावेजों की हार्ड कॉपी 15 दिनों के अंदर रजिस्टर्ड या स्पीड पोस्ट से भेजनी होगी। आवेदन इस पते पर भेजना है:
डायरेक्टर (एग्जामिनेशंस),
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी,
5वीं मंजिल, गवर्नमेंट ऑफ इंडिया प्रेस बिल्डिंग,
मिंटो रोड, नई दिल्ली - 110002
किन हालात में मिलेगा डुप्लीकेट स्कोरकार्ड?
NTA के अनुसार डुप्लीकेट स्कोरकार्ड उस स्थिति में मांगा जा सकता है जब मूल स्कोरकार्ड खो गया हो, चोरी हो गया हो, खराब हो गया हो या नष्ट हो गया हो। यह सुविधा उम्मीदवार के अपने परीक्षा रिकॉर्ड के आधार पर दी जाएगी।
आवेदन के साथ जरूरी दस्तावेज भी देने होंगे। इनमें आवेदन फॉर्म, शपथपत्र, पुलिस से जुड़ी रिपोर्ट जहां जरूरी हो, फोटो और पहचान पत्र जैसे दस्तावेज शामिल हैं। खराब स्कोरकार्ड के मामले में मूल क्षतिग्रस्त स्कोरकार्ड भी जमा करना पड़ सकता है।
कितनी फीस देनी होगी?
डुप्लीकेट स्कोरकार्ड के लिए NTA ने अलग-अलग समय के हिसाब से फीस तय की है। रिजल्ट जारी होने के 5 साल तक 1,500 रुपये, 5 से 10 साल तक 2,000 रुपये और 10 से 20 साल तक 2,500 रुपये की प्रोसेसिंग फीस है। स्पीड पोस्ट से भेजने पर 200 रुपये और विदेश में कूरियर के लिए 500 रुपये अतिरिक्त शुल्क है।
कब मिलेगा नया स्कोरकार्ड?
NTA आवेदन और दिए गए रिकॉर्ड की जांच करेगा। पूरी जानकारी और जरूरी फीस मिलने के बाद 15 कामकाजी दिनों के अंदर डुप्लीकेट स्कोरकार्ड जारी करने का प्रावधान है। इसमें उम्मीदवार का नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, परीक्षा का नाम और साल, आवेदन संख्या, रोल नंबर, अंक और जहां लागू हो वहां पर्सेंटाइल व ऑल इंडिया रैंक जैसी जानकारी दी जाएगी।
डुप्लीकेट स्कोरकार्ड पर डिजिटल सिग्नेचर, यूनिक वेरिफिकेशन नंबर और QR कोड भी होगा, जिससे इसकी ऑनलाइन जांच की जा सकेगी।
ये भी पढ़ें: NSUI ने काटा टिकट तो निर्दलीय लड़े चुनाव, कौन हैं नंगे पैर प्रचार कर डूसू में इतिहास रचने वाले दीपांशु शौकीन?


Click it and Unblock the Notifications
