Nalanda Medical College: NMCH में रैगिंग के बाद पूरा बैच सस्पेंड, 24 घंटे में हॉस्टल खाली करने का अल्टीमेटम
Nalanda Medical College Ragging Case: नालंदा मेडिकल कॉलेज में रैगिंग के मामले ने अब बड़ा रूप ले लिया है। नए छात्रों के साथ कथित रैगिंग की शिकायतों के बाद कॉलेज प्रशासन ने 2025 बैच के सभी 146 छात्र-छात्राओं पर कार्रवाई की है। इन सभी को तीन महीने के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। कॉलेज की प्रिंसिपल प्रोफेसर उषा शर्मा के मुताबिक, 2025 बैच के छात्रों को जनवरी 2027 तक कक्षाओं में आने की अनुमति नहीं होगी।
साथ ही आरोपी छात्रों को 24 घंटे के भीतर हॉस्टल खाली करने और कॉलेज परिसर छोड़ने का निर्देश दिया गया है। मामले में 2023 और 2024 बैच के छात्रों को भी नोटिस दिया गया है, जबकि आगे की जांच साइबर सेल तक पहुंच गई है।

आधी रात छत पर ले जाकर रैगिंग
आरोप है कि कुछ छात्र जूनियर विद्यार्थियों को देर रात हॉस्टल की छत पर ले जाकर रैगिंग करते थे। सोशल मीडिया पर कॉलेज के नाम से कथित रूल बुक भी सामने आई, जिसमें जूनियर छात्रों के लिए कई निर्देश बताए गए। इसके बाद राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग और बिहार सरकार के लोक शिकायत विभाग ने कॉलेज से जवाब मांगा। एंटी रैगिंग कमेटी ने 2023 से 2026 बैच तक के छात्रों से करीब तीन घंटे पूछताछ की। जांच के बाद 2025 बैच पर कार्रवाई हुई, जबकि 2023 और 2024 बैच को नोटिस जारी किया गया।
MBBS सीटें बढ़ने के बाद मामला
हाल ही में कॉलेज में MBBS की सीटें 150 से बढ़ाकर 200 की गई थीं। आरोप है कि 2026 में दाखिला लेने वाले नए छात्रों के साथ 2025 बैच के विद्यार्थियों ने रैगिंग की।
सीनियर छात्रों पर भी कार्रवाई
कॉलेज ने 2023 और 2024 बैच के सीनियर छात्रों को भी अगले आदेश तक कक्षाओं से दूर रहने और हॉस्टल खाली करने का निर्देश दिया है। हॉस्टल वार्डन को निगरानी बढ़ाने के लिए कहा गया है। नए छात्रों से रैगिंग नहीं करने का घोषणा पत्र भी लिया गया है।
रूल बुक की साइबर जांच
कथित रूल बुक और रैगिंग से जुड़े डिजिटल सबूत साइबर सेल को भेजे गए हैं। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि दस्तावेज किसने बनाया, किसने फैलाया और इसमें कौन-कौन शामिल था। कॉलेज ने बिहार सरकार को भी पत्र भेजकर जांच के आधार पर कार्रवाई की मांग की है।


Click it and Unblock the Notifications
