30 साल बाद CRPF में बदलेगा प्रमोशन स्ट्रक्चर, लांस नायक और नायक पदों की वापस लाने कि तैयारी!

CRPF Restoring Lance Naik and Naik Ranks: देश के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल यानी सीआरपीएफ के जवानों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से प्रमोशन का इंतजार कर रहे हजारों जवानों को जल्द राहत मिल सकती है। दरअसल, सीआरपीएफ में एक ऐसी व्यवस्था को दोबारा शुरू करने की तैयारी चल रही है, जिसे करीब 30 साल पहले खत्म कर दिया गया था। इस बदलाव से जवानों को नौकरी के दौरान आगे बढ़ने के ज्यादा मौके मिल सकते हैं।

खास बात यह है कि इसका फायदा सेना में चार साल की सेवा पूरी करने वाले पूर्व अग्निवीरों को भी मिल सकता है। हालांकि, अभी इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी नहीं मिली है। सीआरपीएफ मुख्यालय ने देशभर में तैनात जवानों और अधिकारियों से इस संबंध में राय मांगी है, जिसके बाद आगे का फैसला लिया जाएगा।

CRPF Restoring Lance Naik and Naik Ranks

30 साल बाद लौटेंगी दो पुरानी रैंक?

CRPF मुख्यालय ने लांस नायक और नायक की रैंक दोबारा शुरू करने का प्रस्ताव तैयार किया है। ये दोनों पद कांस्टेबल और हेड कांस्टेबल के बीच होंगे। इसके लिए देशभर की फील्ड यूनिट को दो दिनों के भीतर सैनिक सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। इन बैठकों में जवानों और अधिकारियों से सुझाव लिए जाएंगे। इसके बाद सभी सुझावों को इकट्ठा करके आगे भेजा जाएगा।

1997 में क्यों खत्म हुई थीं रैंक?

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 10 अक्टूबर 1997 को एक आदेश जारी करके सीआरपीएफ और सीमा सुरक्षा बल यानी बीएसएफ में लांस नायक और नायक की रैंक समाप्त कर दी थीं। उस समय वेतन और पदों की व्यवस्था आसान बनाने के लिए लांस नायक को कांस्टेबल और नायक को हेड कांस्टेबल के पद में मिला दिया गया था।

फिलहाल करीब 3.25 लाख कर्मियों वाले सीआरपीएफ में कांस्टेबल को हेड कांस्टेबल बनने के लिए औसतन 22 से 25 साल इंतजार करना पड़ता है। इसी परेशानी को दूर करने के लिए नई व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है।

कितने साल में मिलेगा प्रमोशन?

प्रस्ताव के अनुसार, जवानों को नौकरी के पांच साल पूरे होने पर लांस नायक और दस साल पूरे होने पर नायक बनाया जा सकता है। वहीं, पंद्रह साल की सेवा के बाद हेड कांस्टेबल बनने का मौका मिल सकता है।

प्रस्तावित प्रमोशन का पूरा विवरण

सेवा अवधि प्रस्तावित पद
0 से 5 साल कांस्टेबल
5 साल पूरे होने पर लांस नायक
10 साल पूरे होने पर नायक
15 साल पूरे होने पर हेड कांस्टेबल

हालांकि, यह अभी प्रस्तावित व्यवस्था है। इसे लागू करने के लिए गृह मंत्रालय की मंजूरी जरूरी होगी।

पूर्व अग्निवीरों को क्या मिलेगा फायदा?

इस बदलाव को पूर्व अग्निवीरों की भर्ती से भी जोड़कर देखा जा रहा है। अग्निवीरों के पहले बैच का चार साल का कार्यकाल 2026 में पूरा हो रहा है। गृह मंत्रालय की घोषित व्यवस्था के अनुसार, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में पूर्व अग्निवीरों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण, ऊपरी आयु सीमा में तीन से पांच साल की छूट और शारीरिक दक्षता परीक्षा से छूट का प्रावधान है।

इसके अलावा सीआरपीएफ की विशेष पूर्व अग्निवीर बटालियन में 50 प्रतिशत पद उनके लिए आरक्षित रखने की बात कही गई है। नई रैंक व्यवस्था से सेना से आने वाले युवाओं को सीआरपीएफ के पदों के साथ तालमेल बैठाने में आसानी हो सकती है।

क्या जवानों की सैलरी भी बढ़ेगी?

एसोसिएशन के महासचिव रणबीर सिंह का कहना है कि नई व्यवस्था तभी फायदेमंद होगी, जब जवानों को समय पर प्रमोशन के साथ आर्थिक लाभ भी मिलेगा। अगर केवल पदों के नाम बदले गए और वेतन में कोई सुधार नहीं हुआ, तो जवानों को वास्तविक राहत नहीं मिलेगी।

वहीं, वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि एक हजार से अधिक कर्मियों वाली बटालियन में नई रैंक लागू करते समय अनुशासन, जिम्मेदारियों और कामकाज पर पड़ने वाले असर का भी ध्यान रखना होगा।

अंतिम फैसला कब होगा?

CRPF की फील्ड यूनिट से मिलने वाले सुझावों को सेक्टर मुख्यालयों में इकट्ठा किया जाएगा। इसके बाद प्रस्ताव गृह मंत्रालय को भेजा जाएगा।

मंत्रालय की मंजूरी मिलने के बाद ही लांस नायक और नायक की रैंक दोबारा शुरू करने तथा प्रमोशन की नई व्यवस्था लागू करने पर अंतिम फैसला होगा। फिलहाल पांच, दस और पंद्रह साल में पदोन्नति मिलने की समयसीमा प्रस्ताव का हिस्सा है, लागू नियम नहीं।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+