बोर्ड एग्जाम में पास होने के लिए अजब-गजब तिगड़म! किसी ने दिया प्यार का हवाल, किसी ने कॉपी में रख दी रिश्वत
Board Result: हर साल लाखों छात्र बोर्ड परीक्षाओं की तैयारी में दिन-रात एक कर देते हैं। परीक्षा खत्म होने के बाद रिजल्ट का इंतजार सबसे बड़ी चिंता बन जाता है। ऐसे में कर्नाटक बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षाएं भी हाल ही में खत्म हुईं, जो 21 मार्च से 4 अप्रैल 2025 के बीच आयोजित हुई थीं। अब छात्र नतीजों का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। लेकिन इस बार रिजल्ट से पहले ही आंसरशीट्स चर्चा में आ गई हैं।
जी हां, सोशल मीडिया पर कुछ उत्तरपुस्तिकाओं की तस्वीरें और कहानियां जमकर वायरल हो रही हैं, जिनमें छात्रों ने न सिर्फ सवालों के जवाब दिए, बल्कि टीचर्स को लुभाने के लिए पैसे, लव लेटर और इमोशनल अपील तक कर डाली। कोई नोट चिपका रहा है, कोई चाय पिलाने की पेशकश कर रहा है, तो कोई अपना दिल तोड़ने वाली कहानी लिख रहा है।

प्लीज पास कर दो, ये लो 500 रुपये
चिक्कोडी जिले के एक छात्र ने अपनी उत्तरपुस्तिका में साफ-सुथरा 500 रुपये का नोट रख दिया और लिखा, "प्लीज सर, पास कर दो।" ये देखकर कॉपी जांच रहे शिक्षक हंसी नहीं रोक पाए। ऐसा लग रहा है जैसे छात्र ने रिश्वत भी स्टाइल में दी हो।
ये भी पढ़ें: UBSE 10th Topper List 2025: उत्तराखंड बोर्ड कक्षा 10वीं का रिजल्ट घोषित, यहां देखें टॉपर्स की पूरी सूची
"मेरा प्यार आपके हाथों में है"
एक छात्र ने तो इमोशनल लेटर लिखकर कहा, "मेरा प्यार आपके हाथों में है, प्लीज पास कर दो।" उसका कहना था कि अगर वो फेल हो गया तो उसकी गर्लफ्रेंड उसे छोड़ देगी। अब यह मासूम प्यार है या पास होने का बहाना, ये तो वही जानें!
चाय पियो और पास करो!
एक और छात्र ने अपनी कॉपी में 500 रुपये रखकर लिखा, "सर, इससे चाय पी लेना और मुझे पास कर देना।" वहीं किसी और ने लिखा, "इस बार पास कर दो, आगे और पैसे दूंगा।" और एक छात्र ने लिखा, "अगर पास नहीं किया तो मम्मी-पापा कॉलेज नहीं भेजेंगे।"
टीचर्स कभी हंसे, कभी सिर पकड़ लिया
जवाब जांच रहे शिक्षक इन नोट्स को देखकर कभी मुस्कुरा रहे हैं तो कभी हैरान हो जा रहे हैं। छात्रों की ये कोशिशें उन्हें भावुक भी कर रही हैं, और परेशान भी - क्योंकि परीक्षा में पास होने का रास्ता मेहनत से ही जाता है, लव लेटर या नोट से नहीं!
सोशल मीडिया पर हिट हैं ये आंसरशीट्स
इन मजेदार किस्सों की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी हैं। कोई छात्रों की क्रिएटिव सोच की तारीफ कर रहा है, तो कोई इसे शिक्षा व्यवस्था पर सवाल बता रहा है। लोग पूछ रहे हैं - क्या वाकई बच्चों को लगता है कि ऐसे करने से वो पास हो सकते हैं?
ऐसे किस्से पहले भी सामने आए हैं
ये पहली बार नहीं हुआ है। पहले भी कई राज्यों में छात्र अपनी आंसरशीट्स में अजीबो-गरीब चीजें लिख चुके हैं। कभी दोस्ती का ऑफर, कभी फ्री लंच और कभी अपनी लव स्टोरी। लेकिन एक बात तो तय है - टीचर इनसे खुश हों या नाराज, नंबर तो मेहनत से ही मिलते हैं!
ये भी पढ़ें: UK Board Result 2025: यूके बोर्ड के 10वीं -12वीं के रिजल्ट घोषित, इस डायरेक्ट लिंक पर तुरंत चेक करें परिणाम












Click it and Unblock the Notifications