Kumbh (Aquarius) Career Horoscope 2022: उथल-पुथल वाला रह सकता है करियर
नई दिल्ली, 21 दिसंबर। कुंभ राशि के जातकों का करियर इस साल सामान्य नहीं रहेगा। कभी एकदम अच्छा तो कभी एकदम ठहराव वाला समय रहेगा। साल के प्रारंभ में कार्य में बदलाव आएगा। दशम स्थान में केतु होने के कारण काम में मन नहीं लगेगा। किसी न किसी उलझन में हमेशा फंसे रहेंगे। नौकरी में उच्चाधिकारियों से मतभेद का सामना करना पड़ेगा। बिजनेस कर रहे हैं तो उसमें भी साझेदारों या व्यापारी बंधुओं के साथ किसी प्रकार का विवाद हो सकता है। इससे आपकी प्रतिष्ठा और कार्यक्षमता पर प्रश्नचिह्न लगेगा। नौकरी छूट भी सकती है।

अप्रैल से परिस्थितियों में बदलाव आएगा और आपका करियर कुछ हद तक पटरी पर आएगा। एकादश भाव के स्वामी बृहस्पति का गोचर दूसरे भाव में होगा जो धन संबंधी मामलों विशेषकर वेतनवृद्धि आदि के मामलों में लाभ देगा। प्रमोशन मिलेगा। अप्रैल से जुलाई के बीच आप शुभ ग्रहों के प्रभाव से गुजरेंगे तो आपको प्रत्येक क्षेत्र में लाभ होगा। बेरोजगारों को नौकरी के अवसर मिलेंगे। कार्य में बदलाव की संभावना भी इसी दौरान बनेगी। सेल्समैन, सेल्सगर्ल या ऐसा कोई जॉब जिसमें आपके बोलने से बात बनती हो उसमें लाभ होगा।
अगस्त माह बड़े बदलाव वाला रहेगा। इस दौरान आपको अपनी क्षमता साबित करने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। इस अवधि में आपको अपने सहकर्मियों और उच्चाधिकारियों से तालमेल बनाकर रखना होगा। सितंबर से नवंबर का दौर संयम बरतने वाला रहेगा। नौकरी में कोई सहकर्मी आपको गलत काम करने के लिए उकसा सकता है। यदि आप उसके जाल में फंस गए तो नौकरी से हाथ धोना पड़ सकता है अत: सतर्क रहें।
उपाय : शनि पिरामिड की स्थापना संकटों से बचाएगी।












Click it and Unblock the Notifications