Bihar Weather Update: बिहार में वज्रपात का कहर, 4 की मौत, पटना समेत 27 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
Bihar Weather Update: बिहार में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने सोमवार को पटना समेत 27 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में भारी बारिश, तेज हवाएं और वज्रपात की आशंका जताई गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान बिजली गिरने से सीतामढ़ी, मुंगेर और पटना में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग झुलस गए।
मौसम विभाग के अनुसार 30 जून से बारिश की गतिविधियां और तेज होंगी तथा 1 जुलाई से राज्य के अधिकांश हिस्सों में झमाझम बारिश होने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

27 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बिहार के 27 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पटना, नालंदा, अरवल, जहानाबाद, भोजपुर समेत कई जिलों में भारी बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। विभाग का कहना है कि मानसून अब और मजबूत होगा, जिससे अगले कुछ दिनों तक लगातार बारिश का दौर जारी रह सकता है। लोगों से जलभराव और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है।
ये भी पढे़ं: Bihar: सैलरी 27 लाख, बैंक बैलेंस 2.5 करोड़, जमीन खरीदी 120 कट्ठा! अधिकारी का खुला ऐसा राज, उड़ गए सबके होश
वज्रपात बना जानलेवा, 4 लोगों की गई जान
सोमवार को बिहार में आकाशीय बिजली ने चार लोगों की जान ले ली। सीतामढ़ी में दो लोगों की मौत हुई और 24 से अधिक लोग झुलस गए। वहीं मुंगेर में 15 वर्षीय किशोरी की बिजली गिरने से मौत हो गई। पटना के बख्तियारपुर में भी एक महिला की जान चली गई। प्रशासन ने लोगों से बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है।
कई जिलों में बदला मौसम, तापमान में आई गिरावट
बीते 24 घंटों में बांका, बेतिया, बगहा, कटिहार, खगड़िया, छपरा, रोहतास, कैमूर, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, आरा, सहरसा, मधुबनी, दरभंगा और बक्सर में बारिश दर्ज की गई। राजधानी पटना में सुबह धूप निकली, लेकिन कुछ ही देर बाद काले बादल छा गए और कई इलाकों में बारिश हुई। तेज हवाओं के कारण लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली। कई जिलों में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम हो गया।
ये भी पढे़ं: Bihar News: 'देखिए, ऐसे भागा चोर'! तेज प्रताप यादव ने घर में कराया चोरी का Crime Scene रिक्रिएट, वीडियो वायरल
दरभंगा में मंदिर पर गिरी बिजली, बड़ा हादसा टला
दरभंगा के होरलपट्टी गांव स्थित जलेश्वरनाथ महादेव मंदिर पर आकाशीय बिजली गिरने से मंदिर के गुंबद का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के समय मंदिर में करीब 25 श्रद्धालु पूजा कर रहे थे। तेज आवाज और बिजली गिरने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई भी श्रद्धालु घायल नहीं हुआ। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर पहुंच गए।
अगले सात दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार 1 जुलाई से राज्य में बारिश का दौर और तेज होगा। पटना, गया, नालंदा, बेगूसराय, समस्तीपुर, वैशाली, अरवल और औरंगाबाद समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। अगले सात दिनों तक बिहार के अधिकांश हिस्सों में 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और अच्छी बारिश होने की संभावना है। लोगों को मौसम की चेतावनियों पर नजर रखने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।












Click it and Unblock the Notifications