Uttarakhand: 'सेना के जवानों से ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं', CM धामी ने किया शहीदों को नमन
Uttarakhand: रविवार को 'मेरी माटी मेरा देश अभियान' के तहत उत्तराखंड ग्राम्य विकास विभाग की ओर से गुच्चुपानी में वीरों को नमन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी और शहरी विकास मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने शिरकत की और सैन्य परिवारों को सम्मानित किया। साथ ही मुख्यमंत्री ने बलिदानियों की याद में पौधे भी रोपे।

मुख्यमंत्री ने बलिदानियों को किया नमन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि 'भाजपा की ओर से सैनिकों के सम्मान में विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं।' उन्होंने देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों को नमन किया और कहा कि 'बलिदानियों के परिवारों का त्याग सर्वोच्च है, उन्हें पूरा देश कभी भी नहीं भूल सकता है।'
सीएम ने स्वतंत्रता दिवस की दी अग्रिम शुभकामनाएं
स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 'सेना के वीर जवानों से ही सीमाएं सुरक्षित हैं। उनके त्याग और बलिदान से देशवासियों के भीतर राष्ट्रभक्ति का जज्बा उत्पन्न होता है। मेरी माटी, मेरा देश अभियान के अंतर्गत आयोजित वीरों को नमन कार्यक्रम में पधारे सभी लोगों का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन है। 15 अगस्त तक चलने वाला यह अभियान माँ भारती की सेवा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों को नमन करने का उत्सव है।'
हम अंग्रेजों द्वारा थोपी गई मानसिकता से भी आजाद होंगे
उन्होंने आगे कहा कि 'प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की दूरदर्शी सोच के कारण ही हमें वीरों को नमन करने का यह सुअवसर प्राप्त हुआ है। उनका यह प्रण है कि आजादी के इस अमृत काल में हम अंग्रेजों द्वारा थोपी गई मानसिकता से भी आजाद होंगे।'












Click it and Unblock the Notifications