आपदा पीड़ितों के साथ है उत्तराखंड सरकार, सीएम धामी ने कहा हर संभव की जाएगी मदद
Pushkar Singh Dhami: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि राज्य और केंद्र सरकार आपदा प्रभावितों के साथ है। उत्तराखंड बारिश के बाद आपदा पीड़ितों की हर संभव मदद की जाएगी। यह बात उन्होंने शनिवार को जनपद चमोली में अतिवृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई दौरे के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार अतिवृष्टि से पूरे प्रदेश में भारी नुकसान हुआ है। चमोली में आपदा प्रभावित क्षेत्र नारायणबगड़, थराली, देवाल तथा ग्वालदम का आज एरियल सर्वे किया गया है। अनेक स्थानों पर भूस्खलन, जमीन व मकान धंसने से जन जीवन प्रभावित हुआ है।

परिसंपत्तियों व फसलों का भारी नुकसान हुआ है। अधिकारियों को अतिवृष्टि से हुए नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। इस विषय पर केंद्र सरकार से भी वार्ता की गई है। सीएम ने कहा कि आपदा प्रभावितों को पूरी मदद दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में स्थिति की लगातार समीक्षा की जा रही है। प्रभावित लोगों तक हर संभव मदद पहुंचाने के साथ ही आपदा प्रभावित क्षेत्रों में जल्द से जल्द स्थिति को सामान्य करने के सभी प्रयास किए जा रहे है। बरसात समाप्त होने पर जल्द ही पुनर्निर्माण व मरम्मत संबधी कार्य शुरू किए जाएंगे, जिससे लोगो को मुश्किलों का सामना न करना पड़े।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र प्रसाद भट्ट व थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, ब्लॉक प्रमुख थराली कविता नेगी, जिला पंचायत सदस्य देवी जोशी, मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा, नंदू बहुगुणा सहित एसएसबी के डीआईजी अनिल कुमार शर्मा, द्वितीय कमान अधिकारी सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।












Click it and Unblock the Notifications