उत्तराखंड चुनाव: सीएम पुष्कर सिंह धामी ने झोंकी ताकत, लालढांग में किया रोड शो
देहरादून, 4 फरवरी: उत्तराखंड में विधानसभा की सभी सीटों पर एक ही चरण में 14 फरवरी को वोट डाले जाएंगे। राज्य में सत्ता में वापसी की कोशिश में जुटी भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव प्रचार में ताकत झोंक दी है। राज्य में भाजपा के अहम चेहरे और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लालढांग में रोड शो करके पार्टी के लिए वोट मांगे। रोड शो भाजपा कार्यालय से शुरू होकर बाजार होते हुए गांधी चौक में संपन्न हुआ। रोड शो में ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कटेबढ स्थित गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकते हुए अरदास भी की।

गाजीवाली में मुख्यमंत्री धामी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा शासनकाल में लालढांग क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हुआ है। हरिद्वार की सड़क, रवासन नदी पर पुल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहित करोड़ों की लागत से पेयजल योजना का निर्माण हो रहा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते कहा कि कांग्रेस और अन्य पार्टियों केवल मुद्दे ढूंढने में लगी हैं। भाजपा विकास में लगी है। बता दें कि पुष्कर सिंह धामी को चुनाव से कुछ महीने पहले ही भाजपा आलाकमान ने राज्य का मुख्यमंत्री बनाया था। इस चुनाव में भी भाजपा की ओर से वो मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में हैं।
पांच राज्यों में हो रहे चुनाव
उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश, गोवा, पंजाब और मणिपुर में भी विधानसभा के चुनाव हो रहे हैं। पांचों राज्यों के नतीजों का ऐलान 10 मार्च को किया जाएगा। पंजाब में इस समय कांग्रेस की सरकार है, वहीं बाकी सभी राज्यों- उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, गोवा और मणिपुर में भाजपा की सरकारें हैं।












Click it and Unblock the Notifications