खम्मम रैली में बोले तेलंगाना के सीएम केसीआर- हम विकास का एक नया इतिहास लिखेंगे
मुख्यमंत्री केसीआर ने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए देश में प्रचुर मात्रा में प्राकृतिक संसाधन मौजूद हैं लेकिन भाजपा और कांग्रेस अपनी नीतियों में नाकाम रही हैं।

हैदराबादः राष्ट्र के लिए एक 'प्रगतिशील एजेंडा' निर्धारित करते हुए, बीआरएस अध्यक्ष और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने लोगों से देश को बचाने के लिए भाजपा के खिलाफ एकजुट लड़ाई का आह्वान किया है। उन्होंने देश के लिए अपनी पार्टी के दृष्टिकोण को सामने रखा और देशभर में विकास के तेलंगाना मॉडल का वादा किया। उन्होंने कहा कि देश की लिए उनकी योजनाओं में रायथु बंधु, दलित बंधु, पेयजल और सभी घरों के लिए बिजली की आपूर्ति जैसी योजनाएं शामिल हैं।
रैली में केसीआर ने कहा कि जहां निजीकरण भाजपा की नीति हैं, वहीं राष्ट्रीयकरण बीआरएस का एजेंडा है। सीएम केसीआर ने कहा, 'अगर बीआरएस सत्ता में आई, तो सशस्त्र बलों में भर्ती के लिए अग्निपथ योजना को समाप्त कर दिया जाएगा और पूर्व प्रणाली को बहाल किया जाएगा। हम विकास का एक नया इतिहास लिखेंगे। बीआरएस की पूरी मसौदा नीति 150 से अधिक प्रसिद्ध सेवानिवृत्त सिविल सेवकों, सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीशों और दूसरे जानकारों द्वारा तैयार की जा रही थी, जिसे जल्द ही जनता के सामने रखा जाएगा।'
बुधवार को खम्मम में पार्टी की पहली राष्ट्रीय जनसभा में मुख्यमंत्री केसीआर ने कहा कि राष्ट्र की प्रगति के लिए देश में प्रचुर मात्रा में प्राकृतिक संसाधन मौजूद हैं लेकिन भाजपा और कांग्रेस अपनी नीतियों में नाकाम रही हैं। उन्होंने कहा, 'अगर इन संसाधनों का कुशलता से उपयोग किया जाता है, तो भारत को प्रगति के लिए विश्व बैंक, अमेरिका या किसी अन्य देश के सामने घुटने टेकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।'












Click it and Unblock the Notifications