तेलंगाना: दक्षिणी राज्यों के लिए नए सिरे से रणनीति बनाएगी भाजपा, 9 जुलाई को अहम बैठक
कर्नाटक विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद भारतीय जनता पार्टी ने अब दक्षिणी भारतीय राज्यों में नए सिरे से रणनीति बनानी शुरू कर दी है। अपने दक्षिणी प्रवास में एक महत्वपूर्ण बदलाव के तहत भाजपा ने 9 जुलाई को हैदराबाद में दक्षिण भारतीय राज्यों की बैठक आयोजित करने का फैसला किया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, संगठन सचिव बीएल संतोष, संयुक्त संगठन सचिव शिव प्रकाश और महासचिव सुनील बंसल दक्षिण में पार्टी को मजबूत करने के लिए एक व्यापक कार्य योजना तैयार करेंगे।
दिन भर चलने वाली इस बैठक में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और लक्षद्वीप के प्रदेश अध्यक्ष, लोकसभा और तेलंगाना चुनावों से पहले पार्टी की दक्षिणी कार्ययोजना पर विचार-विमर्श करेंगे।
हाल ही में नियुक्त किए गए तेलंगाना भाजपा प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी के मुताबिक, 'भाजपा के प्रदेश अध्यक्षों के अलावा, मंत्री और दक्षिणी राज्यों से पार्टी के दिग्गज नेता भी बैठक में शामिल होंगे।'
आपको बता दें कि ये बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि हाल ही में भाजपा ने तेलंगाना और आंध्र प्रदेश सहित चार राज्यों में अध्यक्ष बदले हैं। इसके अलावा आने वाले चुनाव से पहले अन्य पार्टियों से भाजपा में शामिल हुए कुछ नए नेताओं को प्रमुख पदों पर नियुक्त करना भी इस बैठक को महत्वपूर्ण बनाता है।












Click it and Unblock the Notifications