सुखबीर ने पूछा, क्या कांग्रेस सरकार ने एक भी अस्पताल, स्कूल या स्टेडियम बनाया
रूपनगर। दलजीत सिंह चीमा के हक में आयोजित रैली के दौरान अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर हमला बोला। उन्होंने पूछा कि वो बताएं कि पिछले पौने पांच वर्षो में एक भी अस्पताल, स्कूल या स्टेडियम बनाया है। अनाज मंडी रूपनगर में आयोजित रैली में सुखबीर ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविद केजरीवाल ने एक भी गारंटी पहले दिल्ली में लागू नहीं की। यहां पंजाब में महिलाओं को एक-एक हजार देने की बात कर रहे हैं। क्या वो ओसवाल और हीरो के मालिकों की पत्नियों को भी एक एक हजार रुपये देंगे। केजरीवाल ने दिल्ली में महिलाओं को दस सालों में एक एक हजार रुपये क्यों नहीं दिए।

सुखबीर बादल ने किसान अंदोलन की जीत पर कहा कि यह जीत किसानों की जीत है और इसमें उनकी मांग एमएसपी खत्म न होना है जबकि अकाली दल ने ही एमएसपी लागू करवाई थी। उन्होंने कहा कि पंजाब में 95 प्रतिशत मंडियां भी प्रकाश सिंह बादल की सरकार में बनी है।
पंजाब में एजुकेशन कांप्लेक्स बनाए जाएंगे।
बादल ने एलान किया कि पंजाब में एजुकेशन कांप्लेक्स बनाए जाएंगे। विशेष स्कूल होंगे और कान्वेंट लेवल की शिक्षा दी जाएगी। उनमें ही स्टाफ की रिहायश कांप्लेक्स होंगे। नीले कार्ड होल्डर परिवार की मुख्य महिला के खाते में दो हजार रुपये दिए जाएंगे। सरकारी और प्राइवेट कालेजों में 33 फीसद सरकारी स्कूलों के बच्चों को दाखिला दिया जाएगा।
डा.चीमा ने इलाके के काम गिनवाए
डा.दलजीत सिंह चीमा ने सुखबीर बादल से इलाके में अकाली दल की सरकार के समय करवाए विकास कार्य ही नहीं गिनवाएं बल्कि इलाके की जरूरतों और प्रोजेक्टों को पूरा करने की भी मांग की। डा.चीमा ने पूरी फेहरिस्त गिनवाई।
चन्नी, सिद्धू और कैप्टन के बयानों पर किए कटाक्ष
रैली के दौरान डा.चीमा ने बड़ी स्क्रीन लगाकर मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह द्वारा समय समय पर दिए गए बयानों को लेकर कटाक्ष किए और इन नेताओं पर आरोप लगाए कि ये बेतुके बयान देकर न सिर्फ जनता को बेवकूफ बना रहे हैं बल्कि पंजाब के मामलों को लेकर इनको कोई चिता नहीं है।
झलकियां
जैसे ही सुखबीर सिंह बादल गुरुद्वारा भट्ठा साहिब के परिसर में पहुंचे तो अपनी जीप में ही बैठे खरड़ से अकाली नेता रणजीत सिंह गिल के साथ गुफ्तगू करते रहे। जीप से ड्राईवर भी इस दौरान बाहर उतर गया और डा.दलजीत सिंह चीमा समेत अन्य नेता काफी देर जीप के बाहर खड़े प्रधानजी के कार से उतरने का इंतजार करते रहे।
सुखबीर की मौजूदगी में स्टेज से अकाली दल के जिला प्रधान गुरिदर सिंह गोगी और बसपा के जिला प्रधान रामपाल अबियाना को ही बोलने दिया गया। उसके बाद डा.चीमा ने ही संबोधित किया।
रैली में चमकौर साहिब से हलका इंचार्ज हरमोहन सिंह संधू भी शामिल हुए और सुखबीर बादल के साथ स्टेज पर बैठकर गुफ्तगू करते रहे। संधू ने चमकौर साहिब सीट बसपा को गठबंधन में दिए जाने के बाद पार्टी से इस्तीफा दे दिया था।












Click it and Unblock the Notifications