यूक्रेन से लौटे मेडिकल छात्रों के लिए अच्छी खबर, पढ़ाई पूरी कराएगी हरियाणा सरकार
चंडीगढ़: हरियाणा सरकार यूक्रेन में छिड़े युद्ध के दौरान जान बचाकर लौटे मेडिकल के विद्यार्थियों की अधूरी पढ़ाई पूरी कराएगी। इसके लिए मनोहर लाल सरकार ने प्रयास शुरू कर दिए हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप करने व विद्यार्थियों की अधूरी पढ़ाई पूरी कराने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया को पत्र लिखा है।

पत्र में मनोहर लाल ने कहा कि इन छात्रों के लिए केंद्र सरकार राज्य सरकारों सहित मेडिकल काउंसिल आफ इंडिया को उचित दिशा निर्देश जारी करें। बता दें कि यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध के चलते केंद्र सरकार ने आपरेशन गंगा के तहत इन छात्रों की वतन वापसी सुनिश्चित कराई थी।
वतन वापसी के बाद विद्यार्थी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति कृतज्ञ हैं, लेकिन उनकी बीच में छूट चुकी मेडिकल की पढ़ाई चिंता का कारण बनी हुई है। इसके लिए छात्रों ने हरियाणा सरकार से आगे की पढ़ाई नजदीकी मेडिकल कालेजों में कराने की मांग को लेकर डीसी के माध्यम से ज्ञापन तक भेजे।
यूक्रेन से जान बचाकर लौटे इन विद्यार्थियों ने पिछले दिनों मुख्यमंत्री के राजनीतिक सचिव अजय गौड़ और परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा से मुलाकात की थी, जिसके बाद मामला मुख्यमंत्री मनोहर लाल तक पहुंचा। यह विद्यार्थी चाहते हैं कि मेडिकल की खाली सीटों पर उन्हें प्रवेश दिया जाए।
यूक्रेन में पढ़ाई करने वाले कोलकाता के विद्यार्थियों को वहां की सरकार मेडिकल कालेजों में दाखिला दिला चुकी है। लेकिन, अभी तक हरियाणा के विद्यार्थियों के बारे में कोई फाइनल निर्णय नहीं हो पाया है। यूक्रेन में अधूरी पढ़ाई छोड़कर लौटे सिमरनजीत कौर, अभिषेक, पारस गांधी, जिशान मान, नमन बंसल, अभिषेक वर्मा, दिनेश कुमार और हर्षबर्धन का कहना है कि जब तक यूक्रेन में हालात सामान्य नहीं हो जाते, तब तक हरियाणा सरकार हमें आगे की पढ़ाई कराने पर विचार करे। विद्यार्थियों की इसी मांग के मद्देनजर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री को पत्र लिखा है।
फतेहाबाद की छात्रा सुप्रिया के अनुसार, उनकी यूनिवर्सिटी चूंकि युद्ध प्रभावित क्षेत्रों से दूर हैं, इसलिए हमारी आनलाइन कक्षाएं चल रही हैं, मगर जो यूनिवर्सिटी यूक्रेन की राजधानी के नजदीक हैं, वहां की यूनिवर्सिटी ने अभी आनलाइन कक्षाएं भी शुरू नहीं की हैं। इससे अंतिम वर्ष के छात्रों को अपने भविष्य की चिंता सता रही है।












Click it and Unblock the Notifications