मंत्री फौजा सिंह सरारी पर सवाल उठाते विपक्षियों को CM मान का जवाब- उन्हें कारण बताओ नोटिस हो चुका
चंडीगढ़। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंत्री फौजा सिंह सरारी के कथित ऑडियो मामले पर विपक्षी दलों को जवाब दिया। मुख्यमंत्री मान ने कहा कि मंत्री फौजा सिंह सरारी को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि, हमारी पार्टी अपने नियमों के मुताबिक जांच कर कार्रवाई करेगी। बता दें कि, तब सरारी सीएम के साथ ही बैठे थे। जब उनसे पूछा गया कि राज्यपाल सरकार के कामकाज में हस्तक्षेप क्यों कर रहे हैं तो सीएम मान ने कहा कि सरकार कानून के दायरे में रह कर कार्य कर रही है, कानून के मुताबिक फैसले ले रही है।

सीएम मान ने कहा कि फिरोजपुर में 15 करोड़ से आधुनिक वेरका मिल्क प्लांट स्थापित किया है। वह बुधवार शाम उद्घाटन करेंगे। प्लांट के 36 इंस्पेक्टरों को नियुक्ति पत्र देंगे। मान ने कहा कि सीमांत गांव के किसानों को फेंसिंग के पार खेती करने में काफी मुश्किलें आ रही हैं। उनकी डिफेंस से बात चल रही है कि बीएसएफ फेंसिंग को और आगे ले जाए ताकि खेत इस तरफ आ जाएं। इससे किसानों को खेती करने में दिक्कत न आए, क्योंकि बीएसएफ अपने किसानों की तलाशी में काफी समय बर्बाद करती है। उन्होंने कहा कि सभी शिक्षकों को पक्का किया जाएगा, कई शिक्षक अदालत में केस लड़ रहे हैं, उन्हें कानूनी तौर पर पक्का किया जाएगा। शहीद भगत सिंह यूनिवर्सिटी को अपग्रेड किया जाएगा।
युवा पंजाब में रहकर सूबे को बदलने का प्रयास करें: मान
भगवंत मान ने युवाओं से अपील की है कि वह विदेश में मेहनत मजदूरी करने के बजाय पंजाब में बेहतर कार्य करें और सूबे को बदलने का प्रयास करें। राज्य सरकार उन्हें हर तरह का सहयोग करेगी। प्रत्येक नौजवानों को शहीदों से सीख लेनी चाहिए। मुख्यमंत्री हुसैनीवाला बार्डर पर स्थित शहीदी स्मारक पर शहीद भगत सिंह की 115वीं जयंती पर श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक व्यक्ति के हाथ में जो वोटर कार्ड है, ये भगत सिंह की बदौलत मिला है, अंग्रेज तो वोट नहीं डालने देते थे। मान ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने पहली बार शहीद भगत सिंह का राज्य स्तरीय समागम आयोजित किया है और वह ऐसे सीएम हैं, जो पहली बार शहीद के जन्मदिवस पर श्रद्धांजलि देने हुसैनीवाला बॉर्डर पहुंचे हैं।
मुख्यमंत्री से जब पूछा गया कि क्रांतिकारी सुखदेव व राजगुरु को याद क्यों नहीं किया जाता है, इस सवाल के जवाब में मान ने कहा कि कोई भी शहीद छोटा-बड़ा नहीं होता है। सभी का सम्मान किया जाता है। शहीद सुखदेव के लुधियाना स्थित घर को यादगार के रूप में तब्दील किया जा रहा है। आप सभी शहीदों का सम्मान करती है।
मान ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान पंजाब से उद्योग खत्म हो चुका था, अब उद्योगपतियों को मालूम चल गया है कि पंजाब में उन्हें किसी चीज की दिक्कत नहीं आएगी। इसीलिए दोबारा बड़ी इंडस्ट्रियां यहां आ रही हैं। मोहाली एयरपोर्ट का नाम शहीद भगत सिंह के नाम पर रख दिया है। भगत सिंह की सोच को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। आप सरकार ने पिछले सात साल से बंद पड़े शहीद भगत सिंह के नाम का अवार्ड शुरू किया है।












Click it and Unblock the Notifications