शिक्षकों को फिनलैंड भेजने के मामले ने पकड़ा तूल, AAP ने किया राजनिवास का घेराव

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शुक्रवार को उपराज्यपाल पर नया आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्कूली शिक्षकों को प्रशिक्षण के लिए फिनलैंड भेजे जाने पर एलजी रोक लगा रहे हैं।
उन्होंने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के लोग आप सरकार के प्रयासों को रोकने के लिए गंदी राजनीति का सहारा ले रही है।
इसी के विरोध में आम आदमी पार्टी आज राजनिवास का घेराव कर रही है। आम आदमी पार्टी का कहना है कि एलजी ने एक बार नहीं दो-दो बार शिक्षकों को ट्रेनिंग पर जाने से रोका और हर बार नया बहाना बनाया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मनीष सिसोदिया ने आरोप लगाया कि अब जब भाजपा के लोगों की सेवा विभाग पर अनधिकृत पकड़ है, तो वे दिल्ली में आप सरकार को शिक्षकों को सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण देने से रोकने के लिए गंदी राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब तक करीब 1,100 शिक्षकों ने सिंगापुर, ब्रिटेन और फिनलैंड समेत विदेशों में प्रशिक्षण लिया है।
उन्होंने कहा कि अगर दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना बच्चों के भविष्य की परवाह करते हैं और नहीं चाहते कि उनकी शिक्षा प्रभावित हो, तो उन्हें भाजपा की साजिश में उनका साथ नहीं देंगे।
राजनिवास ने सिसोदिया के बयान का किया खंडन
उधर, राजनिवास ने मनीष सिसोदिया के आरोप के बाद ट्वीट कर कहा कि एलजी ने फिनलैंड में शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम के प्रस्ताव को खारिज नहीं किया है। इसके विपरीत कोई भी बयान भ्रामक है।












Click it and Unblock the Notifications